भ्रष्ट अधिकारियों की वजह लोगों को नहीं मिल रहा लाभ, कर रहे सरकार की छवि खराब- सुरेंद्र सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के तीन साल पूरे होने पर बलिया जिले के बैरिया से भाजपा विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में सरकार की उपलब्धिया गिनाईं। साथ ही भाजपा सरकार की खूब तारीफ की। इस दौरान उन्होंने भ्रष्ट अधिकारियों पर सरकार की छवि बिगाड़ने का आरोप लगाया।
बैरिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के नारे को चरितार्थ करने में अधिकारियों का भ्रष्टाचार आड़े आ रहा है। स्थानीय स्तर पर कुछ भ्रष्ट अधिकारी, कर्मचारी अपने स्वार्थ के लिए सरकार की छवि बिगाड़ने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बैरिया क्षेत्र के चांदपुर में अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक ने अपनी उपलब्धियों को गिनाया। विधायक ने स्पष्ट किया कि 50 करोड़ की लागत से आधा दर्जन से अधिक सड़कों का नवनिर्माण, लगभग 60 करोड़ की लागत से पुरानी सड़कों का पुनर्निर्माण कराया गया है। वहीं सात करोड़ की लागत से आधा दर्जन पुलों का निर्माण कराया गया है।
19 करोड़ की लागत से दयाछपरा में राजकीय पॉलिटेक्निक, साढ़े सात करोड़ की लागत से सोनबरसा में राजकीय महाविद्यालय, डेढ़ करोड़ की लागत से गंगा उस पार नौरंगा में राजकीय इंटर कालेज के निर्माण की स्वीकृति के साथ ही इस सबके लिए प्रथम किस्त जारी हो गई है। सोनबरसा में 100 बेड के अस्पताल के अलावा 453 बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में की गई।
विधायक ने कहा कि अपने विधायक निधि से 75 लाख रुपये गरीबों के इलाज के लिए दिए हैं, जो एक रिकार्ड है। प्रयास रहा है कि अधिकतम लोगों को संतुष्ट रखा जाए, इसमें मैं कितना सफल हूं या असफल, यह तो जनता ही तय करेगी।