UP: मुंबई से वाराणसी पहुंचे विमान में बर्ड हीटिंग, एक घंटे तक हुई जांच; पायलट के संदेह पर पहुंची सुरक्षा टीम
Varanasi News: अकासा एयर के विमान के पायलट को अंदेशा हुआ था। सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम पहुंच गई। जांच-पड़ताल के बाद विमान बैंगलुरु के उड़ान भर सका। यात्रियों को काफी दिक्कत हुई।
विस्तार
शुक्रवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर उस समय अफरातफरी मच गई जब मुंबई से वाराणसी पहुंचे अकासा एयर के विमान में बर्ड हीटिंग हो गई। बर्ड हीटिंग की संभावना के मद्देनजर विमान की इंजीनियरों द्वारा जांच की गई। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी पंछी का अवशेष विमान में नहीं मिला। लगभग एक घंटे की जांच के बाद विमान बैंगलुरु के लिए रवाना हुआ।
जानकारी के अनुसार, अकासा एयर का विमान क्यूपी 1491 शाम 7:20 बजे लैंड हो रहा था। ठीक उसी समय अचानक विमान से कुछ टकराने का अंदेशा पायलट को हुआ, जिसकी सूचना एटीसी को दी गई।
विमान लैंड होने के बाद जब एप्रन पर खड़ा हुआ तो इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच की। इस दौरान विमान के आस पास किसी भी पंछी का कोई अवशेष नहीं मिला, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकता के बाद विमान बैंगलुरु के लिए आधे घंटे की देरी से रवाना हुआ।
अकासा एयर का विमान क्यूपी 1491 मुंबई से वाराणसी शाम 7:20 बजे आता है, फिर यही विमान क्यूपी 1424 बनकर 7:55 बजे बैंगलुरु के लिए उड़ान भरता है। बर्ड हिट की संभावना के चलते विमान आधे घंटे की देरी से 8:30 बजे रवाना हुआ।
इस बारे में अकासा एयर के स्थानीय प्रबंधक राजेश राय ने बताया कि लैंडिंग के दौरान पायलट को बर्ड हीटिंग का एहसास हुआ था, जिसके मद्देनजर विमान की जांच की गई, लेकिन किसी पंछी का कोई अवशेष नहीं मिला। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के बाद विमान बैंगलुरु के लिए रवाना हुआ।