यूपी: मोबाइल लूट की घटना पर हो रही थी पंचायत, छीनते देखने वाले युवक को बीच सभा में मारी गोली
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में अभयपुर गांव में शुक्रवार को दिन में 11 बजे मोबाइल छिनैती को लेकर हो रही पंचायत के दौरान बाइक से आए दो बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अभयपुर गांव निवासी परवेंदर यादव पुत्र राम निठोहिल 9 दिसंबर की रात में अपने खेत से घर जा रहा था। रास्ते में दो युवकों ने उसकी पिटाई कर उसका मोबाइल छीन लिया। इसे गांव के दुर्ग विजय(32) पुत्र रामअवतार ने देखा था।
इस घटना को लेकर शुक्रवार सुबह गांव में पंचायत हो रही थी। जिसमें परवेंदर के परिजन व गांव के कुछ लोग दुर्गविजय से मोबाइल छीनने वालों के बारे में पूछताछ कर रहे थे। तभी अपाचे बाइक से दो युवक वहां पहुंचे और पिस्टल निकाल कर दहशत फैलाने के लिए तीन फायर किए।
इसके बाद दुर्गविजय पर गोली चला दी। गोली दुर्ग विजय की एक जांघ में लग कर और दूसरी जांघ से बाहर निकल गई। अचानक हुई घटना से गांव में हड़कंप मच गया। इस बीच बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले।
घायल को सीएचसी अहरौला ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां भी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। घायल पिता ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। चारों आरोपी अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले है।
एसपी ग्रामीण (आजमगढ़) सिद्धार्थ ने बताया कि संभावित आरोपियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। आरोपी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।