फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Big news of Varanasi Meat and fish shops closed constable accused misbehaving with daughter

एक क्लिक में वाराणसी की बड़ी खबरें : बंद कराईं गईं मांस-मछली की दुकानें, सिपाही पर बेटी से अभद्रता का आरोप

Sun, 29 Dec 2024 09:45 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 29 Dec 2024 09:45 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी के नगर निगम के प्रवतैन दल ने काशी विश्वनाथ मंदिर के दो किलोमीटर के दायरे में आने वाले मांस-मछली की दुकानों को बंद करा दिया। इसके साथ ही उन्हें नोटिस भी दी गई है। वहीं, नोएडा से दर्शन-पूजन के लिए काशी आई निमिशा ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के साथ एक सिपाही द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत एक्स पर पोस्ट कर की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Big news of Varanasi Meat and fish shops closed constable accused misbehaving with daughter
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कर्नल संदीप शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। शिवपुर सब्जी और फल मंडी से रेलवे फाटक तक 30 किलो पॉलीथिन जब्त करते हुए 5200 रुपये का जुर्माना वसूला। विश्वनाथ कॉरिडोर के दो किमी सर्किल क्षेत्र में आने वाली मांस और मछली की चार दुकानों को बंद करने के लिए नोटिस दिया गया और पांच किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। 

विज्ञापन


सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के जोगियापुर गांव स्थित चकटेरुआ के सामने साइकिल सवार मछली विक्रेता की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव निवासी शंकर सोनकर (53) मछली विक्रेता था। 
विज्ञापन


उधर, खेवशीपुर में रिंग रोड के पास शनिवार की देर रात राजातालाब की ओर जा रहे एक ट्रक का टायर फट गया। चालक ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कर टायर बदल रहा था। तभी पीछे से आ रहे डीसीएम ट्रक ने खड़े ट्रक के पीछे टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम ट्रक के ड्राइवर आजमगढ़ निवासी जगदंबा यादव (33) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे लोहता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


एडमिशन के नाम पर साढ़े छह लाख हड़पने का आरोप
बलिया के बहुआरा के रहने वाले रामबाबू यादव के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट के आदेश से लंका थाने में मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रामबाबू ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से बालाजी नगर, सामने घाट स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते हैं। वर्ष 2020 में स्कूल की छात्रा कोलकाता की रहने वाली असमी सिंह ने कहा गया कि सर किसी बच्चे का एडमिशन किसी भी कोर्स में करवाना होगा तो बताइएगा। उसने बताया था कि उसकी मां सग्निका सिंह गुरु वर्ल्ड ऑफ एजुकेशन नाम से कंसल्टेंसी चलाती हैं और कहीं भी एडमिशन करा देती हैं। 

चिकित्सक ने मकान पर कब्जा का लगाया आरोप
रोहनिया के केशरीपुर में चिकित्सक के मकान पर जबरन कब्जा मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। लखराव निवासी बीएचयू आईएमएस से रिटायर्ड डाॅ. सुरेश चंद्रा की पत्नी गीता चंद्रा ने बताया कि केशरीपुर में राजकुमार से मकान खरीदा है। जब भी मकान पर जाते हैं तो पड़ोसी अपना मकान बताकर ताला बंद कर देते हैं। 

अवैध खनन में मिट्टी लदा ट्रैक्टर सीज
चौबेपुर के जाल्हूपुर में अवैध खनन पर बीती रात पुलिस ने मिट्टी लदा ट्रैक्टर और ट्राॅली को सीज किया। चौबेपुर थानाध्यक्ष एसीपी विजय प्रताप सिंह व खनन निरीक्षक दिनेश कुमार ने दबिश दी। 

घर में घुसकर तोड़ दिया विवाहिता का मोबाइल
आदमपुर थाने के हनुमान फाटक इलाके में किराये के मकान में रहने वाली एक विवाहिता का मोबाइल पड़ोसी युवक ने जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। मामले में विवाहिता ने आदमपुर थाने पर युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।  

जमीन पर कब्जा और मारपीट मामले में केस दर्ज
टीनशेड को उखाड़ने और जमीन पर कब्जा मामले में कोर्ट के आदेश पर छह नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया। लंका थाना क्षेत्र के मदरवां छित्तूपुर की रहने वाली सत्ती देवी ने बताया कि जमीन पर लगे टीन शेड को तोड़कर कब्जे की कोशिश की गई। आरोपियों अतुल, मनीष यादव, अरविन्द पांडेय, संतोष साहनी, राजेश साहनी, महेंद्र समेत अज्ञात ने घर में घुसकर मारा पीटा।  

सिपाही पर बेटी से अभद्रता का आरोप लगाया
नोएडा से दर्शन-पूजन के लिए काशी आई निमिशा श्रीवास्तव ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के साथ एक सिपाही द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत एक्स पर पोस्ट कर की। उन्होंने लिखा कि कालभैरव मंदिर में प्रवेश के दौरान सिपाही ने उनकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

महिला से पर्स छिनैती में 10 संदिग्धों से पूछताछ
जम्मूतवी एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री से पर्स छिनैती के मामले में कैंट जीआरपी को अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है। शनिवार को भी एक संदिग्ध से जीआरपी ने पूछताछ की। घटना के समय उसकी लोकेशन ट्रेस की गई तो वह आदमपुर में मिला। 10 से अधिक संदिग्धों से जीआरपी पूछताछ कर चुकी है। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं। 

20 लाख लेकर शादी से मुकरी
लखनऊ निवासी एक युवक ने लहंगपुरा औरंगाबाद क्षेत्र की एक युवती और उसके मौसा-मौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए सिगरा थाने में तहरीर दी है। युवक के अनुसार युवती से उसकी शादी तय हुई थी। एक साल तीन माह पहले दोनों की सगाई हुई। दिसंबर 2024 में दोनों की शादी होनी थी। इस बीच युवती और उसकी मौसी उससे लगभग 20 लाख रुपये, पांच अंगूठी और सोने की चेन ली। युवती की मौसी से संपर्क करने पर उसने जान से मरवाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। 

बनारस रेलवे स्टेशन पर 50 रुपये की पार्किंग वसूली
बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर पिक एंड ड्राप एरिया में 50 रुपये वाहन पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। शनिवार को एक यात्री ने इसकी शिकायत पर्ची के साथ रेल अधिकारियों से की है।

यात्री मंशा ने एक्स पर शिकायत की कि स्टेशन पर सुबह पौने दस बजे कैब ने रिसीव किया और प्लेटफाॅर्म संख्या आठ की ओर से दो मिनट का 50 रुपये कार का शुल्क लिया गया। जबकि पिक एंड ड्रॉप जीरो से 10 मिनट तक निशुल्क है। डीआरएम ने इस मामले की जांच सीनियर डीसीएम को सौंपी है। इसके पहले भी पिक एंड ड्रॉप क्षेत्र में वसूली की शिकायतें आती रही हैं। जुर्माना और कार्रवाई नहीं होने के चलते री पार्किंग संचालक बेलगाम हो गए हैं। 

बारिश से इन फसलों को फायदा
मौसम में बदलाव के साथ हुई बारिश से गेहूं, जौ, चना, मटर समेत सरसों की फसलों को फायदा होगा। कृषि विशेषज्ञ देवमणि त्रिपाठी ने बताया कि रबी सीजन की फसलों को फायदा होगा लेकिन आलू और टमाटर की फसल में झुलसा रोग का प्रकोप बढ़ेगा। पछुआ हवाएं चलने से सरसों की फसल में माहू कीट का प्रकोप तेजी से बढ़ेगा।

मौसम साफ होने पर सब्जी की फसलों में फफूंदनाशी दवाओं (मैंकोजेब अथवा जिनेब) को आवश्यकतानुसार घोल बनाकर छिड़काव करने को कहा। सरसों को माहू से बचाने के लिए इमिडाक्लोप्रिड पांच एमएल दवा 15 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव कर सकते हैं। 

बड़ा पापी भी तर जाता है भागवत कथा श्रवण से
श्री राणी सती दादी धाम राम कटोरा में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथावाचक डॉ. संजय कृष्ण सलिल महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से बड़े से बड़ा पापी भी तर जाता है। 

प्रथम दिवस श्रीमद्भागवत कथा के महत्व की चर्चा करते हुए बताया कि किस प्रकार नारद जी ने महारानी भक्ति देवी के पुत्र ज्ञान और वैराग्य को भागवत कथा के श्रवण से पुण्य लाभ कराया। उन्होंने गोकर्ण और धुंधकारी की कथा सुनाई। धुंधकारी महापापी, अत्याचारी, कुटिल और कामी था। मृत्यु के पश्चात भयंकर प्रेत बना परंतु जब गोकर्ण जी ने भागवत कथा का श्रवण कराया तो वह दिव्य पुरुष बनकर स्वर्ग चला गया। 

नमो घाट पर दी कथक की मनमोहक प्रस्तुति
जिला काशी विरासत संरक्षण के काशी वंदन संस्कृत कार्यक्रम में नमो घाट पर भोपाल से पधारी पपिया मलिक ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति दी। नृत्य के बाद टुकड़ा, गत निकास और अंत में कृष्ण भजन पर भाव दिखा कर कार्यक्रम समाप्त किया। कार्यक्रम संचालन अनूप मिश्रा ने किया। 

विद्वत समागम में शास्त्रों पर हुई चर्चा
जगद्गुरु रामानंदाचार्य पीठ शेषमठ (सींगणा पोरबंदर) के स्वामी सर्वेश्वराचार्य महाराज का शनिवार को काशी आगमन हुआ। शंकुलधारा पोखरा स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में वैदिक विधि से उनका स्वागत हुआ। न्याय, व्याकरण, वेदांत, सांख्य योग, अलंकार, शास्त्र व रामानंद वेदांत और विशिष्टाद्वैत पर विचार रखे। काशी विद्वात परिषद ने सर्वेश्वराचार्य को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। परिषद प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी, प्रो. हृदयरंजन शर्मा, प्रो. राममूर्ति चतुर्वेदी, डॉ. सुखदेव त्रिपाठी, प्रो. रामकिशोर त्रिपाठी ने अपने विचार रखे। प्रभारी शिवरण पाठक, पवन शर्मा, गोविंद चौबे, अभिमन्यु रहे। 

जीवन भर काम आता है गीता का अध्ययन
महामना जयंती महोत्सव के चौथे दिन इंग्लिशिया लाइन स्थित भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में गीता पाठ प्रतियोगिता हुई। कक्षा 9 के छात्रों ने भक्ति योग और 11-12वीं के छात्रों ने कर्म योग का वाचन किया। बीएचयू में संस्कृत विभाग के प्रो. शरदिंदु त्रिपाठी ने कहा कि इंसान के जीवन में गीता वही काम करती है जैसे कि किसी मशीन को चलाने के लिए यूजर मैन्युअल। डॉ. शिवलोचन शांडिल्य ने कहा कि गीता का हर श्लोक हमें सही कर्म के लिए प्रेरित करता है। चार जनवरी को बीएचयू के स्थापना दिवस पर स्वतंत्रता भवन में प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे। 

प्रकाशोत्सव पर आज निकलेगी शोभायात्रा
सिख धर्म के 10वें गुरु गुरु गोबिंद सिंह के 358वें प्रकाशोत्सव पर नगर कीर्तन और शोभायात्रा 29 दिसंबर को निकाली जाएगी। खालसा पंथ के संस्थापक, धर्मरक्षक, सर्व-वंशदानी, बादशाह दरवेश गुरु गोबिंद सिंह के गुरु पर्व पर शोभायात्रा नगर कीर्तन, जुगो-जुग अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगुवाई में निकलेगी।

शोभायात्रा गुरुद्वारा बड़ीसंगत नीचीबाग से आरंभ होकर चौक, गोदौलिया, गिरजाघर चौराहा, नईसड़क, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन होते हुए वापस नीचीबाग पहुंचेगी। शोभायात्रा के साथ पंज प्यारे पैदल एवं पंज प्यारे घोड़े पर चलेंगे। जानकारी मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह व भाई जगतार सिंह ने दी। 

शहीदी दिवस पर किया साहिबजादों को याद
गुरुगोबिंद सिंह के चार साहिबजादे बाबा अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह का शहीदी दिवस नीची बाग के गुरुद्वारा में में मनाया गया। संगत ने गुरुग्रंथ साहिब पर मत्था टेका तो रागी जत्था ने शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया। शहीदी दिवस पर गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब का समापन भी हुआ। हजूरी रागी जत्था रकम सिंह ने सबद कीर्तन से गुरुवाणी के संदेश दिए। बच्चों ने  काव्यपाठ किया। संगत ने गुरु का लंगर छका। मुख्य ग्रंथी जगतार सिंह ने साहिबजादों की वीरगाथा सुनाई। 

सिल्वर ग्रोव स्कूल महेशपुर में वार्षिकोत्सव मनाया गया
सिल्वर ग्रोव स्कूल महेशपुर में सिल्वर जुबली वार्षिकोत्सव धरोहर दा लेगेसी का आयोजन हुआ। जूनियर वर्ग ने खेल तमाशा और सीनियर वर्ग ने समुद्र मंथन का मंचन किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि वीडीए उपाध्यक्ष पुल्कित गर्ग, विशिष्ट अतिथि कमांडेंट पंकज कुमार पांडेय ने किया। प्रधानाचार्य वंदना चतुर्वेदी ने विद्यालय के उद्देश्य और महत्ता के बारे में बताया। 12वीं की छात्रा रितिका कुशवाहा को जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। 

12वीं के अभिषेक तिवारी, सूरज गुप्ता, कुश सिंह, सुमन यादन, अनुष्का गुप्ता, कुशाग्र धवन के अंशिका सिंह और 10वीं के सुयश पांडेय, रिजा अंसारी, मनुश्री सिंह, अर्थव राय, खुशबू पटेल, प्रियांशु आर्य अतुल दूबे व अन्नया वर्मा सम्मानित हुए। संस्थापक स्व. चंद्रमोहन श्रीवास्तव और श्रीमती आर श्रीवास्तव को मनोहारी ढंग से समर्पित किया। कार्यक्रम में सोमा पांडेय, सिद्धार्थ भास्कर, स्वाति मिश्रा, दिप्ती जौहरी, पूजा यादव उपस्थित थे।

संगीत विधा के छात्रों ने जीती देश भक्ति गीत प्रतियोगिता
बीएचयू में संगीत विधा के छात्र-छात्राओं को देश भक्ति गीत प्रतियोगिता में जीत मिली। हिंदी के छात्रों का दूसरा स्थान रहा। स्वतंत्रता भवन सभागार में तीन दिन तक अखिल भारतीय महिला साहित्य सम्मेलन के समापन पर देश भक्ति गीत प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की गई। बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय को पहला स्थान मिला। हिंदी विभाग की टीम को दूसरा पुरस्कार दिया गया। बीएचयू की प्रो. श्रद्धा सिंह, नीलम सिंह, लेफ्टिनेंट सीमा शर्मा और डॉ. राजेश श्रीवास्तव को ‘युगदर्शिनी मार्वलस अवॉर्ड’ दिया गया। 

धर्मस्थापना के लिए किया असुरों का भी उद्धार
चिरईगांव के धराधाम पर अवतरित होकर भगवान ने धर्म स्थापना के लिए असुरों का भी उद्धार किया। भगवान ने बकासुर, अघासुर, कंस, काल यवन जैसे राक्षसों का वध किया। जाल्हूपुर विष्णुपूरा में मां काली मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को आचार्य संतोष मिश्रा ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा जब-जब दुनिया में दुष्ट शक्तियां बढ़ीं तब-तब भगवान ने अनेक रूप में उनका संहार किया। ब्रह्मा, कामदेव, वरुण, इंद्र का अंहकार भी नष्ट किया। आरती में आकाश मिश्र, रमाशंकर तिवारी, पं. शिवबालक मिश्र, नगीना यादव, नंदलाल तिवारी आदि रहे। 

संस्कार कार्यशाला में 36 छात्रों को किया पुरस्कृत
सेवापुरी के ठठरा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में नन्ही कली की ओर से संस्कार पर कार्यशाला हुई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। 36 छात्राओं को ट्रॉफी और बैग के साथ स्मृति चिह्न दिया गया। अध्यक्षता नन्ही कली की ट्रेनर बेबी मौर्य, संचालन सुनीता दीक्षित और मुख्य अतिथि प्रधानाध्यापक चंद्रबली पटेल ने छात्राओं को पुरस्कार दिया। 

अभिजीत ने सुनाया जोगिया मोरे घर आए...
सुबह ए बनारस के मंच पर कोलकाता से आए अभिजीत लाहिड़ी ने गायन प्रस्तुति दी। शुरूआत राग ललित में मध्य तीनताल में निबद्ध बंदिश जोगिया मोरे घर आए...से की। समापन भजन दरस बिना दुखन लागे नैना...से किया। तबले पर अभिनंदन मिश्रा और संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। 

शिक्षक दंपती ने खेल और सांस्कृतिक महोत्सव में जीते 10 मेडल
काशी सांसद खेल और सांस्कृतिक महोत्सव में एक दंपती ने 10 मेडल जीते हैं। लहिया के प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक अजय कुमार और उनकी पत्नी सहायक अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय कोरौती प्रीति ने शानदार प्रदर्शन किया। 

प्रीति ने 6 मेडल जनपद स्तर पर 40 प्लस आयु में जीते है। तीन मेडल खेल महोत्सव से हैं, जिसमें टेबल टेनिस एकल में ब्रांन्ज मेडल, युगल में सिल्वर और तीरंदाजी में ब्रॉन्ज मेडल शामिल है। सांस्कृतिक महोत्सव में एकल शास्त्रीय गायन में ख्याल गाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता, युगल गायन सुगम संगीत में भजन गाकर सिल्वर मेडल प्राप्त किया। 

समूह गान में भी सिल्वर मेडल हासिल किया। शिक्षक अजय कुमार ने 4 पदक जीते हैं। महोत्सव में युगल टेबल टेनिस में गोल्ड, एकल टेबल टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल और तीरंदाजी में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। सांस्कृतिक महोत्सव के समूह गान में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। 

प्रतियोगी परीक्षाओं की कराते हैं तैयारी 
शिक्षक अजय कुमार जिले के प्रतियोगी परीक्षाओं के नोडल भी हैं। बच्चों को यूट्यूब चैनल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। चैनल पर 68,000 सब्सक्राइबर्स हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में 18,000 बच्चे शामिल हैं। वह बच्चों को मुफ्त पीडीएफ देते हैं। शिक्षक दंपती ने पहली बार इतने मेडल जीते हैं। 

56 स्थानों पर हो रहा था अवैध निर्माण, वीडीए ने की कार्रवाई
वीडीए की टीम ने शनिवार को जियो ट्रिक्स साॅफ्टवेयर के माध्यम से शहर में हो रहे अवैध निर्माणों को चिह्नित किया। 56 जगह अवैध निर्माण मिले। शिवपुर और सिकरौल में 500 वर्ग मीटर में 50 नव निर्माणों का चिह्नित कर मौके पर टीम भेजी गई। इसमें छह जगह सरकारी निर्माण मिला और दो स्थानों पर निजी निर्माण हो रहा था। उसे सील कराया गया। 

सारनाथ, आदमपुर और जैतपुरा में 500 वर्ग मीटर में 24 नव निर्माणों कर चिह्नित कर टीम भेजी तो 16 स्थानों पर बिना मानचित्र पास कराए निर्माण हो रहा था। दशाश्वमेध, चेतगंज, चौक एवं कोतवाली क्षेत्र में 20 स्थानों पर अवैध निर्माण हो रहा था। सभी जगह सीलिंग की कार्रवाई की गई। नगवां एवं भेलूपुर में 12 स्थानों पर अवैध निर्माण हो रहा था। सभी जगह सीलिंग की कार्रवाई की गई। 

वायरल वीडियो जांच में निकला गलत
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल करने वालों के अनुसार लंका थाना क्षेत्र के मदरवा गांव में एक किशोरी के साथ कुछ लोग गालीगलौज कर रहे थे। उसी दौरान एक लड़के ने किशोरी को मारापीटा। इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई गई। 15 वर्षीय एक किशोरी का विवाद छोटी बहन से मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर हुआ था। गुस्से में आकर किशोरी ने मोबाइल पटक दिया था। इसे लेकर उसकी चाची उसे डांट रही थी। इस पर वह अपनी चाची से भी लड़ने लगी। 

अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड जौनपुर का वेतन रोका गया 
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने नहरों की सिल्ट सफाई की वर्चुअल समीक्षा की। इसमें जौनपुर सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता शामिल नहीं हुए। बताया गया कि वह पिछली बैठक में भी नहीं आए थे। इसलिए सिल्ट सफाई की समीक्षा ठीक से नहीं हो पा रही है। इससे सीडीओ ने अधिशासी अभियंता का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।  

आय, जाति प्रमाण पत्र का रिकार्ड रखें
डीएम एस राजलिंगम ने कलेक्ट्रेट के विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने रिकॉर्ड रूम, शस्त्र अनुभाग, नजारत अनुभाग, मुख्य राजस्व अनुभाग और अभिलेखागार का भी निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि आय तथा जाति प्रमाण पत्र के जो भी आवेदन आते हैं, उन्हें रजिस्टर में अंकित करें। आय, जाति प्रमाण पत्र कब जारी हुए इसका रिकार्ड रखें। 

जेसीपी ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था देखी
ज्वाइंट सीपी डॉ. के एजिलरसन ने नववर्ष की पूर्व संध्या और पहले दिन उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम और संकमोचन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को अच्छे से ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्रतापूर्वक पेश आने को कहा। इस दौरान रास्ते में ड्यूटी पॉइंट पर तैनात पुलिस कर्मियों को उन्होंने अच्छे से काम करने के लिए चेताया।

दुकानों में लगाएं सीसी कैमरे : व्यापारियों के साथ शनिवार को बड़ागांव थाना परिसर में प्रभारी अतुल सिंह ने बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से कहा कि दुकानों के अंदर और बाहर सीसी कैमरे लगाएं। 

हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ उठाई आवाज
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ शनिवार को जय भारत मंच के काशी प्रांत के अध्यक्ष उपेंद्र नाथ सिंह ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ हस्तक्षेप करने की जरूरत है। वरिष्ठ महामंत्री संपूर्णा नंद पांडेय ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की दुर्दशा है। राजनीतिक अस्थिरता और धार्मिक कट्टरता के कारण मानवाधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। इस दौरान रमेश सिंह, अवधेश उपाध्याय, विशाल सिंह, भारत बदलानी और कांताराम उपस्थित रहे। 

मार्च निकालकर रखी पूर्वांचल राज्य की मांग
बहुजन समता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नरिया से चितईपुर चौराहे तक पूर्वांचल राज्य बनाओ पैदल मार्च निकाला। अलग से पूर्वांचल राज्य गठन करने की मांग की। मार्च में पार्टी अध्यक्ष राजेश आजाद, चिन्मय चटर्जी, गोपाल प्रसाद, नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रेखा, रितु साहनी आदि शामिल रहे। 

इंटरलॉकिंग सड़कों का किया शिलान्यास
वीडीए की ओर से पंडित दीन दयाल नगर के न्यू महाल कॉलोनी में 40 फीट रोड पर 77 लाख की लागत से तैयार हुई इंटरलाॅकिंग सड़क का शिलान्यास मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने किया। विधायक ने कहा कि विकास के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। सारनाथ में ओम नगर फेज-3 के गोइठहा में 120 मीटर पर इंटरलॉकिंग सड़क का शिलान्यास वीडीए सदस्य अंबरीश सिंह भोला और संजय सिंह ने किया।

छात्रों ने रैली निकालकर किया जागरूक
कछवा रोड के सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा गांव के राजकीय हाईस्कूल में शनिवार को तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। छात्रों ने रैली में लोगों को शिक्षा और सफाई के प्रति जागरूक किया। रैली विद्यालय से शुरू होकर कछवा रोड चौराहे से होते हुए रैली विद्यालय पर आकर समाप्त हुई। 

छात्र-छात्राओं ने टेंट, टावर, पूल गैजेट्स, आदि बनाना सीखा। मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। विशिष्ट अतिथि सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय-राणा बृजेश कुमार सिसोदिया रहे। रानी लक्ष्मीबाई जीटू, कल्पना चावला एवं महात्मा गांधी सहित अन्य टोली का प्रदर्शन सराहनीय रहा। वीणा गौड, श्वेता कुमारी, गीता सिंह, कुमारी श्वेता, आरती, प्रदीप चतुर्वेदी रहे। 

जारी रहेगा सपा का संघर्ष
सपा महानगर इकाई की ओर से शनिवार को कोनिया सेक्टर में पीडीए चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि जब तक पीडीए के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान नहीं आ जाती। हमारा संघर्ष जारी रहेगा।  राजू यादव, किशन दीक्षित, पारस नाथ जायसवाल, प्रदीप, मन्नू मौजूद रहेंगे।

व्यापारियों ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
मीरापुर बसहीं उद्योग व्यापार मंडल ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। मीरापुर बसहीं स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा में उमेश मौर्य, संरक्षक भोला पटेल, निवर्तमान अध्यक्ष मृत्युंजय सोनकर, महामंत्री बिनोद शर्मा, संग्राम पटेल, नेहा सिंह, महिला प्रभारी कंचन लता मौर्य आदि रहीं। 

महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की पुण्यतिथि मनाई 
महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्व. चंद्रमोहन पांडेय की पुण्यतिथि शनिवार को मनाई गई। मैदागिन स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किया गया। जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि चंद्र मोहन पांडेय सरल स्वभाव के धनी व्यक्ति थे। कांग्रेस को मजबूत बनाने में उनके दिए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। संयोजन ऋषभ पांडेय व संचालन सतनाम सिंह ने किया। इस दौरान अनुराधा यादव, प्रिंस राय खगोलन, विश्वनाथ कुंवर, अब्दुल हमीद डोडे, कुंवर यादव, आशीष केशरी उपस्थित रहे। 

पांच को विश्वकर्मा समाज की बैठक
विश्वकर्मा समाज की बैठक पांच जनवरी को लखनऊ में होगी। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश, जिला और महानगर के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। 

बिजली निगम के मुख्य अभियंता ने जानी ओटीएस की हकीकत 
बिजली निगम के मुख्य अभियंता संदीप बंसल ने एकमुश्त समाधान योजना का जायजा लिया। राजातालाब के साथ ही चोलापुर सहित अन्य उपकेंद्रों का दौरा  किया। मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों से उपभोक्ताओं को ओटीएस के बारे में जागरूक करने को कहा। साथ ही  ओटीएस के तहत बकाये बिजली बिल के भुगतान में नियमानुसार सरचार्ज में छूट का लाभ भी मिल रहा है। संबंधित अधिकारियों को भी  उपभोक्ताओं को प्रेरित करने का निर्देश दिया। 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की वेबसाइट लॉन्च
युवाओं को स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास के तहत लोन मिलेगा। शनिवार को विभाग की ओर से बेवसाइट लॉन्च कर दी गई। अधिकतम पांच लाख रुपये लोन मिलेगा। जिला उद्योग विभाग के उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा ने बताया कि https://msme.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। ऐसे आवेदक पात्र होंगे जो उत्तर प्रदेश के निवासी हो, आयु 21 से 40 वर्ष और शैक्षिक योग्यता न्यूनतम कक्षा आठ है। सरकार द्वारा संचालित प्रशिक्षण योजनाओं में प्रशिक्षण अनिवार्य है। परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अंशदान के रूप में जमा करना होगा। 

चीनी मंझे से होटल व्यवसायी घायल
सिगरा थाना क्षेत्र के महमूरगंज में चानी मंझे से होटल व्यवसायी घायल हो गया। होटल व्यवसायी जमुना यादव ने बताया कि वह बाइक से महमूरगंज की ओर जा रहा था। इस बीच अचानक चीनी मंझे से गला कट गया। बाइक से गिरते हुए बचा। इसके बाद अस्पताल में इलाज कराया।

विद्युत सखियों को करें सक्रिय 
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित वन जीपी वन बीसी सखी कार्यक्रम तथा विद्युत सखी कार्यक्रम की समीक्षा की गई। उन्होंने विद्युत सखियों को भी अधिक से अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए। 

जनवरी में जारी करें 10 हजार केसीसी
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में डिजिटल केसीसी जारी करने के संबंध में विकास भवन सभागार में कार्यशाला का आयोजन हुआ। जनवरी 2025 में दस हजार डिजिटल केसीसी जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए लीड बैंक मैनेजर को सभी बैंकों का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा गया।

सीडीओ ने कहा कि जिन किसानों का क्रेडिट कार्ड अभी तक नहीं बन सका है। जिनकी फार्मर रजिस्ट्री का काम पूरा हो गया है। वह आधार कार्ड, बैंक पासबुक ले जाकर संबंधित बैंक शाखा में डिजिटल केसीसी जारी कराकर लोन पा सकते हैं। डिजिटल केसीसी की अधिकतम सीमा एक लाख साठ हजार है। 

धर्मशाला की मेयर ने देखी कार्यप्रणाली
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की मेयर नीतू शर्मा काशी पहुंचीं। उनके साथ 18 पार्षद भी पहुंचे। काशी इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर में वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम, प्रतीक चिह्न और रुद्राक्ष की माला देकर सभी का स्वागत किया। इसके बाद नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्य उन्हें दिखाए गए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, विनोद कुमार गुप्ता और जन संपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

पांच दुकानों का किया गया आवंटन
दशाश्वमेध प्लाजा में बनाई गई दुकानों में पांच दुकानों का आवंटन किया गया। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि यहां बनाई गई 186 दुकानों में 165 दुकानों का आवंटन किया जा चुका है। शनिवार को पांच दुकानों का आवंटन किया गया। अभी 21 दुकानों का आवंटन किया जाना है। 

एक ही भवन में आएंगे 59 मंडलीय कार्यालय, शिखर जैसा दिखेगा भवन
शहर में अलग-अलग जगह पर बने 59 मंडलीय कार्यालयों को एक स्थान पर लाया जाएगा। इसका भवन मंदिर के शिखर जैसा दिखाई देगा। देखने पर मंदिर के तीन शिखर दिखाई देंगे। उन्हीं में यह कार्यालय होंगे। मॉडल तैयार कर वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि नगर में विभिन्न स्थलों पर स्थित मंडलीय कार्यालयों को एक स्थान पर स्थानंतरित करते हुए एकीकृत मंडलीय कार्यालय बनाया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण दो बेसमेंट के साथ में 10 मंजिला ट्विन टावर भवन के रूप में किया जाएगा। इसमें नया कोर्ट बिल्डिंग चार मंजिला एवं अधिवक्ता चैंबर में एक अतिरिक्त तल के साथ निर्मित कराया जाना प्रस्तावित है। एकीकृत मंडलीय कार्यालय के लिए अपर मुख्य सचिव वित्त एवं वित्त आयुक्त की अध्यक्षता में गठित व्यय वित्त समिति द्वारा अनुमोदन कर दिया गया है। 

अब इस पर अंतिम रूप से अनुमोदन मंत्री परिषद की कैबिनेट बैठक में लिया जाना है। एकीकृत मंडलीय कार्यालय में मंडल के 59 कार्यालयों को विभिन्न स्थल से स्थानांतरित कर एक स्थल पर लाया जाएगा। ट्विन टावर में काॅन्फ्रेंस हाॅल सभी फ्लोर पर एक कॉमन मीटिंग रूम, अत्याधुनिक स्टोर रूम एवं एक बैंक और इसके अलावा जिम, कैफेटेरिया और पार्किंग की व्यवस्था होगी। 

अभ्युदय : जेईई, सीटेट के परीक्षार्थियों ने मारी बाजी
अभ्युदय कोचिंग सेंटर से इस बार 26 छात्र-छात्राओं को सफलता मिली है। सबसे ज्यादा छात्रों ने इस बार जेईई और सीटेट की परीक्षा निकाली। इस सत्र में 12 परीक्षार्थियों ने सीटेट निकाला। 12 छात्र-छात्राओं ने जेईई की परीक्षा में भी सफलता पाई। 2 छात्रों ने नीट में परचम लहराया। इस बार ज्यादातर ने जेईई और सीटेट में सफलता हासिल की। पिछले सत्र में सबसे ज्यादा यूपीएससी के 15 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की। नीट में 9 और जेईई में 8 को सफलता मिली थी। 

प्रो. रजनीश बने बीएचयू विधि प्रकोष्ठ के समन्वयक
बीएचयू के विधि संकाय के समन्वयक प्रो. रजनीश कुमार सिंह को विधि संकाय के विधि प्रकोष्ठ का समन्वयक नियुक्त किया गया है। प्रो. सिंह को एक जनवरी से अगले आदेश तक जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीएचयू के संयुक्त कुलसचिव प्रो. एसपी माथुर ने बताया कि वे अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक के तौर पर काम करते रहेंगे।

हवाई हमले से बचाव के लिए की माॅकड्रिल
उदय प्रताप कॉलेज परिसर स्थित रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर काॅलेज में शनिवार को मॉकडि्रल में छात्राओं को हवाई हमले, आग से बचाव के बारे में प्रशिक्षित किया गया। नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से घटनाओं के समय प्राथमिक चिकित्सा और आग पर काबू पाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। 

निपुण एप पर अपलोड हुए गलत नंबर
निपुण असेसमेंंट के दौरान एप एरर होने से विद्यालयों के परिणाम आने पर संशय बना हुआ है। इससे छात्र-छात्राओं और विद्यालयों की ग्रेडिंग भी एप पर गलत अपलोड हो गई है। 

डीएलएड प्रशिक्षुओं के समूह ने 18 से 20 और 24 दिसंबर तक एसेसमेंट पूरा किया। यह प्रक्रिया 445 विद्यालयों में हुई। 60 से 70 विद्यालयों में एसेसमेंट के दौरान एप एरर से नंबर पर प्रभाव पड़ा। 

बच्चों ने जब परीक्षा दी तब उनको ऑफलाइन पूरे अंक मिले। लेकिन जब निपुण लक्ष्य एप पर नंबर अपलोड हुआ तो अंक कम चढ़ गए। डायट प्राचार्य उमेश शुक्ला ने बताया कि डीएलएड प्रशिक्षु स्कूलों में गए हुए थे। कहीं नेटवर्क की समस्या रही तो कहीं दो लोगों के एप यूज करने के वजह से ये समस्या आई। 

सड़क चौड़ीकरण के लिए मंडुवाडीह में चला बुलडोजर
मंडुवाडीह चौराहे पर रविवार की दोपहर में लोक निर्माण विभाग की टीम दो जेसीबी के साथ पहुंच अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। विभाग की दो जेसीबी मशीनों ने अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया।

 इस कार्रवाई में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता जितेंद्र सिंह, जेई पवन त्रिपाठी, जेई संजयनारायण और जेई हेमंत सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिन भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जा चुका है लेकिन उन्होंने अब तक अपना निर्माण नहीं हटाया है, उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। 

कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर मंडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय के साथ लोहता व रोहनिया थानों की पुलिस बल बड़ी संख्या में मौजूद रही। रविवार को दोपहर में लगभग 12 बजे चौराहे के उत्तर से जेसीबी मशीनों ने अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की।

कई मकान और दुकानें, जो सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही थीं, उन्हें गिरा दिया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समझा कर मामला शांत करवाया। अभियान के दौरान सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।अभियान दोपहर 3 बजे तक चला।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed