BHU Hospital: आखिरकार खुल गया नए कैथ लैब का बंद ताला, हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष ने खोल रखा था मोर्चा
बीएचयू अस्पताल के शताब्दी सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में बने नए कैथ लैब पर पिछले तीन माह से बंद ताला आखिरकार सोमवार को खुल ही गया। इसके लिए हृदय रोग विभाग के विभागाध्यक्ष अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था।
विस्तार
आईएमएस बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल के हृदय रोग विभाग में आने वाले मरीजों की एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी सहित हृदय रोग की सर्जरी से जुड़ी सभी सुविधाएं फिर से मिलने लगेंगी। ऐसा इसलिए कि बीएचयू अस्पताल प्रशासन की ओर से शताब्दी सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में बने नए कैथ लैब पर पिछले तीन माह से बंद ताले को सोमवार को खोल दिया गया।
एक ओर जहां सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक के कैथ लैब में ताला बंद था वहीं सर सुंदरलाल अस्पताल के कैथ लैब में 15 दिन से मशीन खराब होने से एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी बंद थी। इस वजह से मरीजों को बिना इलाज वापस होना पड़ रहा था।
विभागाध्यक्ष ने दी थी मुकदमे की चेतावनी
पिछले सप्ताह ही प्रेस कांफ्रेंस कर हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओमशंकर ने बीएचयू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक पर सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के कैथ लैब पर ताला बंद करने और मनमानी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसे जल्द से जल्द खोले जाने की बात कही थी। उन्होंने मांग पूरी न होने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी भी दी थी।
इस बीच सोमवार दोपहर नए कैथ लैब का ताला खुल गया। इसके साथ ही यहां अन्य तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। अब मंगलवार से यहां सामान्य दिनों की तरह एंजिोग्राफी, एंजियोप्लास्टी हो सकेगी।
बीएचयू हृदय रोग विभाग में बने कैथ लैब में वाराणसी के साथ ही गाजीपुर, बलिया, जौनपुर सहित आसपास के जिलों से हर दिन 15-20 मरीजों की एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी होती है। अस्पताल के तीसरे तल पर बने कैथ लैब की मशीन पिछले 15 दिन से खराब पड़ी है। इस वजह से अब तक 300 से अधिक लोगों को वापस करना पड़ा।
हालांकि हृदय रोग विभाग का एक कैथ लैब सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक के पांचवें तल पर बनकर तैयार था। इसका मार्च के तीसरे सप्ताह में उदघाटन भी हुआ लेकिन इसके बाद 24 मार्च से हीं यहां ताला बंद था। जो सोमवार को खुल गया।
प्रो. ओमशंकर ने कहा कि आखिरकार बीएचयू अस्पताल के एमएस को कैथ लैब कांपलेक्स का ताला खोलना ही पड़ा। यह मरीजों के जीवन जीने के मौलिक अधिकार की लड़ाई की जीत है। जब तक अस्पताल के कैथ लैब में नई मशीन नहीं आ जाती तब तक सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक के कैथ लैब में मरीजों की एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी होगी।