BHU Entrance Exam 2021: बीएससी एग्रीकल्चर की परीक्षा कल, अभी तक नहीं मिला एडमिट कार्ड, एनटीए के खिलाफ अभ्यर्थियों में आक्रोश
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में यूजी, पीजी में दाखिले के लिए परीक्षाएं 28 सितंबर से चार अक्तूबर तक चलेंगी। अभ्यर्थी तीन पालियों में अभ्यर्थी परीक्षाएं दे रहे हैं।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में दाखिले के लिए चल रही प्रवेश परीक्षाओं में बीएससी एजी, बीएड स्पेशल एजुकेशन समेत 5 पाठ्यक्रमों की परीक्षा टाल दी गई थी। अब उनकी परीक्षाएं बुधवार यानी छह अक्तूबर को होनी हैं। विश्वविद्यालय की ओर से इस बार प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को दी गई है।
वहीं, अभ्यर्थियों में एनटीए के खिलाफ नाराजगी है। ट्विटर पर इसका जमकर विरोध किया जा रहा है। बीएचयू वर्ल्ड नाम के ट्विटर हैंडल ने ट्वीट किया कि एनटीए परीक्षा के नाम पर मनमानी कर रहा है। लगातार खराब व्यवस्था और बेतुका परीक्षा का आयोजन जारी है। अब पानी सिर से ऊपर है। छह अक्तूबर को बीएससी एग्रीकल्चर (एजी) की परीक्षा है और अभी तक एडमिट कार्ड नहीं मिला है। उनका कहना है कि जिम्मदार व्यक्ति को निलंबित करो।
अगले ट्वीट में उन्होंने कहा कि बीएचयू प्रशासन अभ्यर्थियों के साथ मनमानी कर रहे है। देश में ऐसा कोई विद्वान नहीं होगा जो इस बात का समर्थन करे कि लॉ प्रवेश परीक्षा में लॉ से ज्यादा गणित के सवाल पूछे जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों को आधा अधूरा प्रश्न दे रहे हैं और कई स्तर पे खामियां हैं।
ये परीक्षाएं हुईं स्थगित
28 सितंबर से 4 अक्तूबर तक प्रवेश परीक्षा कराने का जो शेड्यूल जारी किया गया था, उसमें 3 अक्तूबर को होने वाली बीएससी एजी और 29 सितंबर को होने वाली बीएड मैथमेटिक्स, बीएड स्पेशल एजुकेशन, बीएड ह्यूमनिटी एंड सोशल साइंस और बीएड की परीक्षाएं टाल दी गई थीं। एक अक्तूबर को एनटीए की वेबसाइट पर जारी नोटिस के हिसाब से 3 अक्तूबर को होने वाली बीएससी एजी की टली परीक्षा 6 अक्तूबर को पहली पाली में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक कराई जाएगी, जबकि 29 अक्तूबर को टली सभी 4 पाठ्यक्रमों की परीक्षा 6 अक्तूबर को दूसरी पाली में 12:30 बजे से 3 बजे तक कराई जाएगी।