खुलासाः शराब पीने के लिए लूट की नीयत से हुई थी वॉचमैन की हत्या, ऑटो चालक सहित तीन गिरफ्तार
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में वॉचमैन सुमित तिवारी का शव दो सितंबर को केराकतपुर गांव के पास झाड़ियों में मिला था। एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने शुक्रवार को इस हत्याकांड का खुलासा किया।
विस्तार
वाराणसी के केराकतपुर गांव में बीते दिनों झाड़ियों में मिला शव भदोही जिले के चक सुदामा गांव निवासी सुमित कुमार तिवारी (35) का था। उसकी हत्या शराब पीने के लिए लूट की नीयत से हुई थी। यह खुलासा एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने शुक्रवार को किया। मामले में ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब पीने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। लूट की नीयत से सुमित की हत्या की गई थी।
रोहनिया के करनादाड़ी निवासी सुभाष सिंह चौहान, औराई निवासी व ऑटो चालक अशोक कुमार और भदोही के इंद्रामिल निवासी विनोद सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में वॉचमैन सुमित तिवारी एक सितंबर को कंपनी से वेतन के करीब छह हजार रुपये लेकर अपने घर के लिए निकला था।
शाम पांच बजे राजातालाब में ऑटो पर बैठा तो थोड़ी देर बाद चालक और उसमें सवार दो आरोपियों ने सुमित से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। सुमित ने पैसा देने से इंकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, सुभाष सिंह चौहान, ऑटो चालक अशोक कुमार और विनोद सिंह ने लूट की नियत से मारपीट कर गमछे से सुमित का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद रिंग रोड, लोहता बाजार होते हुए छावनी केराकतपुर के पास झाड़ियों में शव फेंक फरार हो गए। दो सितंबर को लोहता पुलिस ने शव बरामद किया था। सात सितंबर को भाई अमित कुमार ने शव की शिनाख्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। क्राइम ब्रांच प्रभारी अश्विनी चतुर्वेदी, रजनीश त्रिपाठी और लोहता थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने आरोपियों को अकेलवा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।