भदोही मुठभेड़: मारा गया बदमाश झुन्ना के गिरोह से जुड़ कर बनारस में करता था ये काम
भदोही जिले के सुरियावां में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया 50 हजार का इनामी बदमाश दीपक उर्फ रवि बीते दो-तीन वर्षों से बनारस के झुन्ना पंडित और उसके गिरोह के बदमाशों से जुड़ा हुआ था। झुन्ना के करीबी कुछ ग्राम प्रधानों की मदद से दीपक अपने छोटे भाई के साथ वाराणसी के सारनाथ, ललपुर और हरहुआ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-बिक्री का काम कराता था।
दीपक इस कदर का शातिर था कि मोबाइल का बेहद कम इस्तेमाल करता था और आमने-सामने की बातचीत में ही भरोसा रखता था। भदोही के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय सिंह, उनकी टीम के सचिन झा और सुरियावां थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह लंबे समय से दीपक की सुरागकशी कर रहे थे।
सोमवार की रात दीपक के एक करीबी ने ही उसके सुरियावां क्षेत्र में मौजूद होने का संकेत दिया था। जिसके बाद भदोही क्राइम ब्रांच प्रभारी व उनकी टीम और सुरियावां थानाध्यक्ष ने चेकिंग शुरू की। पुलिस टीम दीपक को पकड़ कर उसके गिरोह और साथी बदमाशों के बारे में जानकारी जुटानी चाहती थी, लेकिन उसने फायरिंग कर आफत मोल ले ली। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक ढेर हो गया।
भदोही के एसपी रामबदन सिंह के अनुसार, भदोही जिले के सुरियावां निवासी दीपक उर्फ रवि पुत्र छोटेलाल बदमाश वाराणसी की जेल से फरार था। उस पर भदोही जिले में 25,000 रुपये, अंबेडकरनगर में 15,000 रूपये और वाराणसी जिले में 10,000 रूपये का इनाम घोषित था।
सोमवार की देर रात लगभग 1:30 बजे जब थानाध्यक्ष सुरियावां व स्वाट प्रभारी पर चेकिंग के दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जहां कांस्टेबल सचिन झा के बुलट प्रूफ जैकेट में गोली लगी और स्वाट प्रभारी अजय सिंह के पैर में गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया और दूसरा फायर करता हुआ भाग गया।