वाराणसी: आजमगढ़ के युवक की गंगा में डूबने से मौत, जलाभिषेक के लिए आया था मार्कंडेय महादेव मंदिर
सोमवार शाम को चार दोस्तों के साथ घर से दर्शन पूजन के लिए निकले थे। भोर में गंगा में स्नान के दौरान वह नदी में डूब गया। सुबह दस बजे के लगभग उसका शव नदी से बरामद हुआ। सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
आजमगढ़ से वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के आया युवक गंगा स्नान के दौरान डूब गया। चौबेपुर क्षेत्र के कैथी मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक से पहले युवक गंगा गोमती संगम में स्नान करने गया था। घटना मंगलवार सुबह की है। मौके पर स्थानीय गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम ने थोड़ी देर बाद मृतक का शव बरामद किया।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के एकौना गांव से 35 वर्षीय सच्चिदानंद पांडेय सोमवार की शाम साथियों के साथ निकला था। मंगलवार की भोर में गंगा में स्नान के दौरान वह नदी में डूब गया। सुबह दस बजे के लगभग उसका शव नदी से बरामद हुआ। सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों को सूचना मिली कि सच्चिदानंद पांडेय मंगलवार की भोर में तीन बजे के लगभग साथियों के साथ गंगा में नहाने लगे। इसी दौरान वह नदी में डूब गए। सच्चिदानंद के नदी में डूबते ही दोस्तों में हड़कंप मच गया। सूचना पर एनडीआरएफ की टीम ने नदी में उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार की सुबह 10 बजे के लगभग सच्चिदानंद का शव गंगा से बरामद हुआ। सच्चिदानंद एफसीआई में कार्यरत थे। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सच्चिदानंद अपने चार दोस्तों के साथ कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर आया था। वहीं चौबेपुर थाने की पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक एक पुत्र व एक पुत्री के पिता थे।
एफसीआई आजमगढ़ में सुपरवाइजर के पद पर थे कार्यरत
सच्चिदानंद पांडेय एफसीआई आजमगढ़ में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार की शाम अपने चार साथियों के साथ वह घर से दर्शन पूजन के लिए निकले थे। उनकी दो मासूम संतान हैं। वाराणसी से जब पुलिस ने उनकी पत्नी अंजलि पांडेय को मौत की सूचना दी तो वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी दो संतान
दो साल का रूद्र पांडेय और पांच साल की बेटी वैष्णवी हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।