UP: ऑटो चालक के नदी में कूदने की आशंका, ऑटो से तेजाब की बोतल मिलने से बढ़ी रहस्य की गुत्थी; पहुंची पुलिस
वाराणसी के शास्त्री घाट पर ऑटो चालक ज्ञानचंद्र सोनकर के नदी में कूदने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर उनका ऑटो और उसमें तेजाब की आधी खाली बोतल मिली। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ ने तलाश अभियान शुरू किया है। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाए हैं।
विस्तार
Varanasi News: कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा पुल स्थित शास्त्री घाट पर गुरुवार देर रात एक ऑटो चालक के नदी में कूदकर जान देने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। देर रात तक नदी में चालक की तलाश जारी रही। मृतक की पहचान अर्दली बाजार स्थित उल्फत बीबी अहाता निवासी 50 वर्षीय ज्ञानचंद्र सोनकर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर ज्ञानचंद्र का ऑटो लावारिस हालत में खड़ा मिला। ऑटो की तलाशी लेने पर उसमें तेजाब की आधी खाली बोतल भी बरामद हुई। इससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले तेजाब पिया और उसके बाद नदी में छलांग लगा दी। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी शास्त्री घाट पहुंच गए। मौके पर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के बड़े पुत्र आशीष सोनकर ने आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन दिन पहले उनके पिता पूरे परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। उस दौरान उन्होंने किसी प्रकार की मानसिक परेशानी, तनाव या किसी विवाद का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में परिवार इस घटना को लेकर स्तब्ध है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही नदी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि चालक के लापता होने और ऑटो से बरामद तेजाब की बोतल के संबंध में सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। शव मिलने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।