वाराणसी में स्मृति ईरानी बोलीं: पीएम मोदी साकार कर रहे हैं बाबा साहब का सपना, कुछ राजनीतिक दल समाज को बांटने की कोशिश में जुटे
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी में भाजपा ने सामाजिक समरसता समारोह आयोजित किया। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्ष पर हमला बोला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर रोहनिया स्थित भाजपा के काशी क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित संगोष्ठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहब के सपनों को साकार कर रहे हैं। मगर, कुछ राजनीतिक दल बाबा साहब के सपनों को चकनाचूर करने के लिए समाज को जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
वर्ग-विशेष व समुदाय-विशेष की राजनीति करने वाले इन सफेदपोश लोगों का बांटो और राज करो मकसद है। संगोष्ठी में स्मृति ईरानी ने बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि मां भारती की जय जयकार ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। वे वर्ग-विशेष, जाति-विशेष, संप्रदाय-विशेष के चिंतक नहीं थे वो सर्वसमाज के लिए सोचने वाले महान राष्ट्रनायक थे।
बाबा साहब एक ध्वज एक संविधान को मानते हुए समानता के अधिकार के पक्षधर थे। समाज में समरसता बनी रहे इसके लिए बाबा साहब ने संविधान में सबके लिए एक समान कानून की व्यवस्था लागू की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डॉ. आंबेडकर कहते थे कि लोकतंत्र राजनीतिक तर्ज पर तभी फलीभूत होगा जब हम इसे आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत और सुदृढ़ बनाएं।
विशिष्ट अतिथि काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने हमेशा से ही जात-पात, छुआ- छूत को दूर करने का सफल प्रयास किया। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, शोषित एवं दबे कुचलों को समानता का अधिकार दिलाने में खपा दिया। कार्यक्रम के बाद आईटी विभाग के माइक्रो डोनेशन कैंप में केंद्रीय मंत्री ने भाग लिया।
इससे पहले भाजपा पदाधिकारियों ने कचहरी स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान विद्यासागर राय, संजय सोनकर, हंसराज विश्वकर्मा, अजगरा विधायक टी राम, दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सुरेंद्र नारायण सिंह, मनीष कपूर, नवरतन राठी, नवीन कपूर, संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, रजनीश कन्नोजिया, श्रीनिकेतन मिश्रा आदि उपस्थित थे।