वाराणसी: राजस्थान के राज्यपाल को बीएचयू में मिला सम्मान, बोले- दीनदयाल के विचारों से राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव
बीएचयू में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र को दीनदयाल उपाध्याय परमेष्ठि सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से ही राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उनका चिंतन समाज की संपूर्णता का चिंतन है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू दीनदयाल उपाध्याय पीठ की ओर से सोमवार को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र को पंडित दीनदयाल उपाध्याय परमेष्ठि सम्मान से सम्मानित कर स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र भेंट किया गया। बतौर मुख्य अतिथि कलराज मिश्र ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से ही राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उनका चिंतन समाज की संपूर्णता का चिंतन है।
सामाजिक विज्ञान संकाय के संबोधि सभागार में आयोजित समारोह में कलराज मिश्र ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारतीयता के पोषक ही नहीं बल्कि भारतीयता के मूर्तरूप थे। उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास सभी को करना चाहिए। दीनदयाल के आर्थिक दर्शन को आधार बनाकर उत्पादन में बढ़ोतरी, उपभोग पर संयम, वितरण में समानता की बात कही।
विशिष्ट अतिथि अवध विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने दीनदयाल के विचारों को प्रेरणादायी बताया। अध्यक्षता कर बीएचयू के प्रभारी वीसी प्रो. वीके शुक्ला ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को दीनदयाल उपाध्याय पीठ आगे बढ़ा रहा है। हिंदू अध्ययन में परास्नातक में पाठ्यक्रम भी शुरू होने जा रहा है।
सामाजिक विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. कौशल किशोर मिश्र ने बताया कि दीनदयाल पीठ ने पंडित दीनदयाल के दार्शनिक शब्दों पर दीनदयाल के विचारों को मानने वाले लोगों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा को अंत्योदय सम्मान देने के बाद कलराज मिश्र को परमेष्ठि सम्मान दिया गया। तीसरा सम्मान पद्मश्री मालिनी अवस्थी और अवनीश अवस्थी को दिया जाएगा।
अगले तीन महीने में 75 कर्मवीरों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि ने डॉ. आशुतोष कुमार की पुस्तक इंडियन सोल्जर इन दी फर्स्ट वर्ल्ड वार: री-विजीटिंग एक ग्लोबल कन्पिलक्ट और डॉ. अनूप मिश्र की पुस्तक जेंडर च्वायस एंड बर्थ इन इक्वेलिटी केस स्टडी ऑफ वाराणसी डिस्ट्रिक्ट का विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रो. आरपी पाठक, प्रो. केशव मिश्रा, प्रो. श्वेता प्रसाद, प्रो. बिंदा परांजपे के साथ ही पतंजलि पांडेय, शुभम मिश्र आदि मौजूद रहे।