पूर्वांचल : संक्रमित जमातियों की हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर, प्रभावित इलाके किए जा रहे सैनिटाइज
- प्रभावित इलाकों के लोगों की जांच के लिए 71 टीमों का गठन
- संक्रमितों के संपर्क में आने वाले सौ से अधिक लोग क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वास्थ्य विभाग ने जमात में शामिल लोगों में संक्रमण के लिहाज से प्रदेश में जिन जिलों को चुनौती वाला बताया है, उनमें पूर्वांचल के मिर्जापुर, गाजीपुर, जौनपुर और आजमगढ़ भी हैं। इन जिलों में स्थानीय और बाहरी मिलाकर कुल 188 जमाती मिल चुके हैं, जिनमें 12 कोरोना संक्रमित हैं। प्रभावित इलाकों के लोगों की जांच के लिए 71 टीमों का गठन कर दिया गया।
संक्रमित जमातियों को आइसोलेशन में रखकर इलाज करने के साथ अन्य को क्वारंटीन या अस्पतालों में भर्ती कर दिया गया है। जबकि संक्रमितों के संपर्क में आने वाले सौ से अधिक लोग क्वारंटीन कर दिए गए हैं। इलाकों को सैनिटाइज किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में जमातियों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।
आजमगढ़ में तीन जमाती संक्रमित मिले हैं। यहां कुल स्थानीय और बाहरी मिलाकर 33 जमाती मिल चुके हैं। जिले को अतिसंवेदनशील घोषित करने के बाद डब्ल्यूएचओ की टीम सोमवार को मुबारकपुर सीएचसी पहुंची। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मीटिंग कर सभी लोगों की स्क्रीनिंग करने का निर्णय लिया गया।
स्क्रीनिंग के लिए 64 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें कस्बा और तीन किमी के दायरे में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करने के साथ ही सैनिटाइजेशन करेंगी। संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद इनके संपर्क में आने वाले 25 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है, तो 450 लोगों की नार्मल जांच की जा चुकी है। कुल 41 लोगों की सैंपलिंग भी कराई गई है।
गाजीपुर में स्थानीय और बाहरी मिलाकर 14 जमाती मिले हैं। इनमें पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन लोगों के संपर्क में आए कुल 35 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है। जबकि 20 लोगों के जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस जिले में आने के बाद जमातियों की ओर से की गई गतिविधियों का पता लगा रही है। जमाती शहर और दिलदारनगर स्थित मस्जिदों से मिले हैं। इन इलाकों को सील कर दिया गया है।
मस्जिदों, दुकानों, सड़कों को सैनिटाइज किया जा रहा है। इस रेड जोन में आने वाले घरों में पहले सर्वेक्षण कराया जाएगा और प्रत्येक सदस्य की जांच होगी। इसके लिए पांच टीम बनाई गई हैं।
मिर्जापुर में अब तक 34 जमाती मिल चुके हैं। इनमें निजामुद्दीन मरकज से लौटने वालों में अहरौरा और जमालपुर थाना क्षेत्र के दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। दोनों का आइसोलेशन में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य जमाती क्वारंटीन किए गए हैं।
इसके अलावा दोनों संक्रमितों के परिवार के 17 समेत 20 लोग क्वारंटीन किए गए हैं। दोनों के गांव और आसपास के गांवों को सैनिटाइज करने के साथ ही दोनों गांवों के लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। दोनों के संपर्क में आने वालों की जांच की गई। आइसोलेशन वार्ड में कार्य कर रहे डाक्टर, स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय और सफाई कर्मी समेत 25 कर्मियों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में जाकर दोनों संक्रमित जमातियों से मिलने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एक कोरोना संक्रमित झोलाछाप है। उसने मरकज से लौटने के बाद कई लोगों का इलाज भी किया था। पुलिस ने इलाज कराने वालों की जांच कराई और सभी सही पाए गए।
जौनपुर में अब तक ऐसे 107 जमाती मिल चुके हैं, जिन्होंने निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात या अन्य किसी जमात में हिस्सा लिया है। लाल दरवाजा में मिले 16 जमातियों में से दो में कोरोना की पुष्टि हुई थी। संक्रमित को छोड़ अन्य सभी को क्वारंटीन में रखा गया है। इनके अलावा 23 अन्य लोगों को भी क्वारंटीन में रखकर निगरानी की जा रही है।
सभी के प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सैंपल भी जांच को भेजे गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य लगातार जारी है। इन इलाकों में पुलिस की टीम लगातार पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटा रही है। इसके बाद से जिला प्रशासन जमातियों से मिलने-जुलने वालों की तलाश में जुटा है।