UP Crime: पुलिसकर्मी की पत्नी और साले को नशीला पदार्थ सुंघाकर की थी लूट, ऐसे हुई पहचान; जेल भेजे गए आरोपी
Varanasi Crime News: वाराणसी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया। इन आरोपियों ने प्रयागराज के डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मी की पत्नी और उनके साले को नशीला पदार्थ सुंघाकर आभूषण समेत अन्य सामान लूटा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जहरखुरानी के आरोपियों आसिफ और जीशान ने पिछले माह प्रयागराज के डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मी ओमप्रकाश यादव की पत्नी लालमुनी और साले को नशीला पदार्थ सुंघाकर आभूषण समेत अन्य सामान लूटा था। छठ पूजा के दौरान ऑटो सवार आरोपियों ने अचेतावस्था में सिगरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशिया लाइन तिराहे के पास उतारकर भाग निकले थे। सिटी कमांड सेंटर समेत अन्य सीसी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान हुई। शनिवार की रात मुठभेड़ में गिरफ्तार आसिफ और जीशान को कोर्ट ने जेल भेज दिया।
दोनों आरोपियों पर बिजनौर समेत अन्य जिलों में आठ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। रविवार को पुलिस एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि बिजनौर हिमपुरा दीपा थाना क्षेत्र रेहरा निवासी आसिफ और बिजनौर के रायपुर थाना क्षेत्र के हरीसिंह का भोगला निवासी मो. जीशान को सिगरा पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आसिफ के खिलाफ 10 मुकदमे और जीशान के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें; दालमंडी चौड़ीकरण योजना: विरोध के बाद भी शुरू हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई, अब तक तीन मकान गिराए
सैदपुर के देवकली मलिकशाहपुर निवासी लालमुनी यादव ने 21 अक्तूबर को सिगरा थाने में केस दर्ज कराया था। लालमुनी ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा के लिए अपने भाई के साथ बनारस स्टेशन पहुंचीं और मायके जौनपुर स्थित चंदवक थाना क्षेत्र के बीरीबारी जाने के लिए ऑटो बुक किया। ऑटो चालक ने कुछ नशीला पदार्थ सुंघाया और आभूषण समेत अन्य सामान लेकर भाग निकला।
सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज हैं। यह रोडवेज और रेलवे स्टेशनों से उतरने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। ऑटो सवार चालक की मिलीभगत से घटनाओं को अंजाम देते हैं।
आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, घटना में उपयोग आभूषण और .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। शनिवार की रात लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।