UP Election 2022: मैनपुरी में आरक्षण और रोजगार का मुद्दा उठा, पढ़िए युवाओं ने कानून व्यवस्था पर क्या बोला?
चाय पर चर्चा और महिलाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' युवाओं के बीच पहुंचा। मैनपुरी के भोगांव रोड स्थित फूलबाग में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी।
विस्तार
मैनपुरी में आयोजित 'सत्ता का संग्राम' कार्यक्रम में युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। इस कार्यक्रम में आरक्षण, विकास, रोजगार, अपराध समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कई युवाओं ने वर्तमान सरकार पर सवालिया निशान उठाए तो वहीं कुछ ने कहा कि मैनपुरी पहले से बेहतर हुआ है। पढ़िए युवाओं ने और क्या कहा?
अपराध और विकास के मुद्दे पर क्या बोले युवा?
दीपक कुमार ने कहा कि यहां विकास नहीं हुआ है। जो भी दिख रहा है वो समाजवादी पार्टी की सरकार में हुआ है। सूर्यकांत मिश्रा ने कहा कि अन्य जिलों की अपेक्षा मैनपुरी में शुरू से ही विकास हुआ है। योगी सरकार ने विकास को गति दिया है। इस सरकार में प्रदेश अपराध मुक्त की ओर बढ़ रहा है। पहले के मुकाबले गुंडागर्दी कम हुई है। अपराध पर लगाम लगा है। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा सरकार में अगर 12 बजे रात को भी मिकलात हूं तो किसी भी तरह का भय नहीं रहता है। अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा कि ये सरकार बहुत अच्छी है। अपराध मुक्त है। आप भय मुक्त होकर कहीं आजा सकते हैं। पिछली सरकार में रोज रेप, लूट, बलात्कार की की घटनाएं सामने आती थीं लेकिन इस सरकार में अपराध बहुत कम हुआ है।
वहीं, रंजीत सिंह जाटव ने कहा कि आए दिन यहां अपराध होते रहते हैं। पहले से ज्यादा अपराध बढ़ गए हैं। ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि इस सरकार में सही काम हुआ है। योगी सरकार ने गुंडागर्दी खत्म कर दी। उन्होंने पिछली सरकार को लेकर कहा कि हमारे यहां पहले दिन में लूटें होती थीं, दिन में मर्डर हो जाते थे। मगर अब इस पर लगाम लगा है। रविकेश नाम के एक युवा ने कहा कि आए दिन मोबाइल छिन जाते हैं। मैनपुरी पहले से बेहतर नहीं हुआ है। वॉलीबॉल खिलाड़ी अभी यादव ने कहा कि खेलकूद के क्षेत्र में और ज्यादा विकास हो सकता था लेकिन वह नहीं हुआ। हुनरमंद अच्छे मुकाम पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस युवा ने कहा कि स्टेडियम अच्छा है लेकिन टूर्नामेंट नहीं हो रहा।
उधर, एक युवा ने किसान का मुद्दा उठाया। शिवचरण सिंह ने कहा कि इस सरकार में किसान के लिए कोई काम नहीं हुआ है। इस सरकार में किसान खुश नहीं हैं। वहीं, एक दूसरे युवा ने कहा कि हम भी किसान हैं, सरकार ने अच्छआ काम किया है। जो किसान धरने पर बैठे हैं, वो किसान नहीं हैं, वो फर्जी के किसान हैं। बेहतरीन खा पी रहे हैं, एसी में रह रहे हैं। वहीं, कार्यक्रम में शामिल एक वकील ने कहा कि वर्तमान सरकार से व्यापारी वर्ग खुश हैं। एक देश, एक कर, एक बाजार स्कीम से पारदर्शिता है। रोनित प्रकाश ने कहा कि यहां की सड़कें अच्छी नहीं हैं। शहर की सड़कें ठीक ठाक हैं लेकिन गांव की सड़कें अभी भी खराब हैं। वहीं, एक ने कहा कि भाजपा वालों ने बोर्ड लगा दिया है लेकिन सड़क नहीं है।
उठा आरक्षण और रोजगार का मुद्दा
राजीव कुमार ने आरक्षण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर कोई खास कदम उठाना चाहिए। गरीब गरीब ही हैं। वहीं, एक वकील ने कहा कि हर चीज में आरक्षण सही नहीं है। आरक्षण का लाभ जाति के आधार पर नहीं बल्कि आर्थिक आधार पर मिलना चाहिए। कई लोग पीढ़ी दर पीढ़ी इसका लाभ उठाते आ रहे हैं। आरक्षम खत्म होना चाहिए। वहीं, एक युवा ने कहा इस सरकार ने रोजगार देने की बजाय रोजगार छीनने का काम किया है। डॉ. अवनीष साक्य ने कहा कि यहां रोजगार के अवसर नहीं है, यहां के युवा बाहर जाकर किसी कंपनी में सुरक्षा गार्ड, लेबर आदि का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को केसीसी नहीं मिल रहा है। इन सब मुद्दों पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है।