UP Election 2022: अमेठी में चाय पर चुनावी चर्चा, विकास के मुद्दों पर लोगों ने योगी सरकार को लेकर कही ये बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अमेठी के लोगों ने अपना चुनावी एजेंडा बताया। रविवार को 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' यहां पहुंचा। यहां के सगरा तिराहा के पास आयोजित 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम के दौरान अमेठी के लोगों ने विकास, बिजली, जाम की समस्या और रोजगार के मुद्दों पर खुलकर बात की। इस दौरान किसी ने वर्तमान सरकार के कामकाज की तारीफ की तो किसी ने कमियां गिनाईं। पढ़िए किसने क्या कहा?
कार्यक्रम की शुरुआत में धर्मेंद्र शुक्ला ने कहा कि अमेठी में कोई विकास का काम नहीं हुआ है। यहां पर पैसे और झूठ की मंडी लगी हुई थी, उसी में यहां की भोली भाली जनता को गुमराह करके वोट डलवा लिया गया। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार रेलवे एक्सप्रेस वे की इतनी बड़ी योजना आई वो भी निरस्त हो गई। 2014 के बाद यहां कोई काम नहीं हुआ। यह सरकार केवल लेपन का काम कर रही है। ब्रजेश सिंह ने कहा कि इन पांच वर्षों में जो विकास हुआ है वो पिछले 20 वर्षों में नहीं हुआ। इस सरकार ने यहां की मूलभूत समस्याओं को दूर किया। यहां बाईपास बने, अमेठी-ककवा रोड पर रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। दवा, अल्ट्रासाउंड सब कुछ मु्फ्त में मिल रहा है। ध्रुव मिश्रा ने यहां विकास के कार्य हुए हैं।
उमेश कुमार यादव ने कहा कि यहां विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। केवल एक बाईपास बन रहा है वो भी चार महीने से लंबित है। जितनी भी सड़कें पहले बनी हुई थीं अभी वैसे ही है। जो काम सपा के कार्यकाल में हुए थे बस वही हैं। उमेश ने बिजली, पानी और सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यहां शिक्षा की व्यवस्था अच्छी नहीं है। बेरोजगारी की समस्या है। ताज मोहम्मद ने कहा भाजपा वाले मुफ्त में दवा देने की बात करते हैं। सरकारी अस्पताल में तो मुफ्त में ही दवा मिलती है। यहां काम कुछ नहीं हुआ है। इन्होंने कोई काम किया जिससे कि जनता को फायदा पहुंचे। मालूम नहीं कि वो सड़कें कहां बन रही हैं, नहीं पता कि वो बाईपास कहां बन रहा है? ताज ने जाम की समस्या का मुद्दा उठाया।
हरिशंकर जायसवाल ने यहां बुनियादी काम हुए हैं और जो भी सरकार आती हैं वो करती हैं। हम व्यापारियों की बात करेंगे। कोरोना काल में सारे व्यापारी टूट चुके थे। उनके लिए कोई योजना नहीं आई ताकि वो उबर सके। सरकार को छोटे और मध्यम व्यापारियों के बारे में सोचना चाहिए। चौधरी सुखराम यादव ने कहा कि यहां कोई काम नहीं हुआ है। सिर्फ जुमलाबाजी हुई। इस सरकार ने केवल फीता काटने का काम किया है। वहीं, एक शख्स ने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर वोट लिया था। रामराज गुप्ता ने कहा कि अमेठी में वर्तमान सरकार ने विकास किया है। शहर में शहरी आवास दिया गया, शौचालय का काम हुआ है। मेडिकल कॉलेज बने।
कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने कहा कि 2014 के बाद से यहां कोई भी विकास का काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां पर संजय गाधी अस्पताल, आखों का अस्पताल, एचएएल कोरवा, इंडो गल्फ..आदि सब कांग्रेस परिवार ने दिया है। भाजपा के कार्यकाल में कोई काम नहीं हुआ है। इन्होंने कोई नया विकास नहीं किया। डॉ अर्जुल पांडे ने कहा कि विकास का जहां तक मानक है वो केवल शौचालय, छोटे मोटे कामों से नहीं होता है। विकास का मतलब होता है कृषि से संबंधित हो, परिवहन से संबंधित हो, स्वास्थ्य से संबंधित हो लेकिन इस सरकार में लेपन का काम हुआ है। अनुप कुमार अग्रवाल ने कहा कि 2014 से पहले यहां न डबल रेल लाइन थी और न ही विद्तीकरण हुआ था। इस सरकार में काफी विकास के काम हुए हैं। धनंजय सिंह ने कहा कि विकास के लिए तीन चीजों को मुख्य रूप से माना जाता है। ये हैं पढ़ाई, दवाई और कमाई। उन्होंने कहा कि अमेठी में केवल एक राजकीय महाविद्यालय है जबकि और होने चाहिए।