बांगरमऊ। मोहल्ला प्रेमगंज में पिछले तीन वर्षों से जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर ईओ को ज्ञापन सौंपा। इसमें जलभराव का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
मोहल्ला निवासी सुनील कुमार गौतम व बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सेवा संस्था के अध्यक्ष आकाश ने लोगों के साथ नारेबाजी करते हुए नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी गुंजन गुप्ता को ज्ञापन दिया। बताया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने और नालों के अभाव में बारिश के साथ सामान्य दिनों में भी गलियों, विद्यालय परिसर तथा घरों में पानी भर जाता है। इससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और नागरिकों को आवागमन में कठिनाई होती है।
जलभराव के कारण गंदा पानी जमा रहने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। बताया कि तहसील दिवस, नगर पालिका एवं आईजीआरएस के माध्यम से कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हुआ। पदाधिकारियों ने मौके का स्थलीय निरीक्षण करा नाला निर्माण कराने की मांग की।