उन्नाव। नवमी पर जिले में जगह-जगह कन्याभोज हुआ। मंदिरों व घरों में हवन-पूजन के साथ भजन-कीर्तन होता रहा। लोगों ने कन्या भोज के साथ ही व्रत का परायण किया। शहर व ग्रामीण अंचलों के देवी मंदिरों में भारी भीड़ रही। भोर पहर से देरशाम तक मंदिर परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान होते रहे।
गुरुवार को नवमी पर कन्याओं का टीका किया और फिर पूड़ी, सब्जी के साथ अन्य पकवान खिलाए। कन्याओं को दक्षिणा देकर विदा किया गया। नवरात्र के अंतिम दिन शहर के प्रसिद्ध कल्याणी, मां दुर्गा व पूर्णा देवी मंदिरों में भारी भीड़ रही। भोर पहर से ही मंदिरों के पट खुलते ही मां के दर्शनों के लिए लोग पहुंचने लगे। दोपहर में मंदिरों में दर्शन के लिए लाइन लगानी पड़ीं। नवमी पर कन्याभोज की होड़ मची रही। कल्याणी देवी मंदिर परिसर में बने यज्ञकुंड में भक्तों ने आहुतियां देकर सुख- समृद्धि की कामना की। श्रृद्धालुओं ने मां को चुनरी, फल, फूल चढ़ाए। घरों में पूरे दिन हवन-पूजन और कन्याभोज चलता रहा। देवी उपासना करके व्रत का परायण किया। मंदिरों व घरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ का भी पारायण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में देवी मंदिरों में भी भीड़ रही। कल्याणी देवी मंदिर परिसर में कन्याभोज कराया गया। मंदिरों में रात तक भजन व कीर्तन की धूम रही।