पारे ने लगाया गोता, कांपे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस सर्दी में गुुरुवार को लोेग सबसे कड़ाके की ठंड से दो-चार हुए। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर जिले में भी दिखा और गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम पारा और गिर गया। गलन के चलते लोगों के हाथ व पैर की उंगलियों ने काम करना बंद सा कर दिया। बुधवार को जहां अधिकतम पारा 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं गुरुवार को यह लुढ़क कर 23.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी बुधवार को 10.6 डिग्री सेल्सियस में एक डिग्री सेल्सियस की कमी के चलते यह 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार की सुबह कोहरे से लिपटी रही। दृश्यता भी खासी कम हो गई। जिससे वाहन सवारों को दिन में भी लाईट जलाकर चलना पड़ा। वहीं दो से तीन किमी की रफ्तार से चली शीतलहर ने लोगों को ठिठुरा दिया। दिन में कोहरे में आई कुछ कमी के बाद शाम ढलते ही कोहरा फिर बढ़ गया। ठंड में जिनको घर से बाहर निकलना पड़ा वह खुद को पूरी तरह से गर्म कपड़ों में ढककर ही निकले।
अलाव का भी नहीं मिल रहा सहारा
शहरियों को भीषण ठंड से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका की ओर से अलाव जलवाकर निजात दिलाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। अलाव सिर्फ कागजों पर ही जल रहे हैं। शहर के मुख्य स्थानों रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, जिला अस्पताल, आईबीपी चौराहा, बड़ा चौराहा, मोतीनगर चौराहा सहित अन्य स्थानों पर भी अलाव के बिना ही लोग ठंड बिताने को मजबूर रहे।
ट्रेन हादसे व कोहरे से ट्रेनों की चाल बिगड़ी
बुधवार सुबह कानपुर के रूरा में ट्रेन हादसे व गुरुवार सुबह कोहरे का कहर रेलयात्रियों पर भारी पड़ रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनें जहां घंटों लेट चल रही हैं, वहीं कोहरे के चलते कई सुपरफास्ट ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रात की गाड़ियां सुबह तक उन्नाव नहीं पहुंच सकीं। लखनऊ-कानपुर के बीच चलने वाली मेमू का भी बुरा हाल है। कानपुर से लखनऊ जाने वाले रूट पर वैसे तो पहले से ही दर्जनों ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है। वहीं गुरुवार को शताब्दी एक्सप्रेस के अलावा आगरा इंटरसिटी अप व डाउन, झांसी इंटरसिटी, प्रयाग एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस के अलावा लखनऊ-कानपुर मेमू ट्रेनों को भी निरस्त कर दिया गया।
बुखार से बच्ची की मौत
पुरवा। बुखार व ठंड हवाओं की चपेट में आकर चार वर्षीय बालिका की हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन सीएचसी लेकर भागे। अस्पताल पहुंचने के पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। डाक्टर ने मौत हो जाने की पुष्टि की तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुरवा कोतवाली के भदनांग निवासी बब्लू की चार वर्षीय बेटी आयुषी सर्दी, जुखाम से पीड़ित चल रही थी। गुरुवार की दोपहर बाद बच्ची को भीषण ठंड लगी तो परिजनों को बताया। कुछ ही देर में हालत बिगड़ने पर बब्लू परिजनों के साथ आनन फानन सीएचसी लेकर पहुंचा। डाक्टर जब तक इलाज करते तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। डाक्टर ने हार्ट अटैक से बच्ची की मौत की बात कही तो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।