उन्नाव। मौसम में बदलाव के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सबसे अधिक मरीज बुखार से पीड़ित हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार पीड़ित 60 मरीज पहुंचे। इसमें पांच मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। एक मरीज का सैंपल डेंगू की जांच के लिए भेजा गया है। अन्य मरीजों की मलेरिया व चिकनगुनिया की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
बारिश, धूप व गर्मी के मौसम में लगातार बदलाव होने से संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। सर्दी व जुकाम के साथ बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 730 मरीज पहुंचे। फिजीशियन डॉ. कौशलेंद्र प्रताप सिंह व सीनियर फिजीशियन डॉ. आलोक पांडेय के कक्ष में बुखार के 60 मरीज आए। इसमें अचलगंज के बेथर की आशा (40) पत्नी सनी, बेहटामुजावर के साबिर (50), देवीखेड़ा की रोशनी (35) पत्नी उमेश, बांगरमऊ कोडरा के अंकित (32) पुत्र जगदीश, सिविल लाइन की लक्ष्मी पांडेय (72) को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। मरीजों की संख्या बढ़ने से पैथोलॉजी में भी भीड़ रही। यही हाल महिला अस्पताल का रहा। यहां पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर व ओपीडी में महिला मरीजों के साथ प्रसूताओं की भीड़ रही।