Unnao Accident: चालक-क्लीनर को डंपर से कुचला…मौत, ट्रक का पहिया बदलते समय हुआ हादसा
Unnao News: हाईवे पर चालक-क्लीनर की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। हादसा ट्रक का पहिया बदलते समय हुआ।
विस्तार
उन्नाव जिले में हाईवे पर ट्रक का पहिया बदल रहे चालक और क्लीनर को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तेज टक्कर होने से डंपर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर को भी चोटें आईं हैं। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात रेंगता रहा। पुलिस ने सड़क पर फैली मौरंग और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर यातायात शुरू कराया।
हमीरपुर जिले के थाना ललपुरा के सौरापुर डांडा गांव निवासी चालक लवकुश (25), ललपुरा के गुलियाडेरा गांव निवासी क्लीनर रामकुमार (40) के साथ ट्रक में मौरंग लेकर लखनऊ जा रहा था। गुरुवार सुबह करीब चार बजे कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास ट्रक का एक पहिया पंचर हो गया। लवकुश ट्रक को किनारे रोककर क्लीनर के साथ पहिया बदलने लगा।
डंपर दोनों को कुचलता हुआ ट्रक से टकरा गया
इसी दौरान कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहा डंपर लवकुश और राजकुमार को कुचलता हुआ ट्रक से टकरा गया। वहीं, डंपर दो हिस्सों में बंट गया। डंपर का चालक कानपुर देहात के थाना डेरापुर के गांव बिंदापुर निवासी हरिश्चंद्र (30) और क्लीनर मंगेशपुर गांव निवासी अवनीश (19) घायल हो गए। एनएचएआई की रेस्क्यू टीम ने पुलिस की मदद से चारों को नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया।
हाईड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया
जहां लवकुश और रामकुमार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि डंपर के चालक और क्लीनर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को भल्ला फार्म से आशाखेड़ा तक एक लेन से निकाला। एनएचएआई ने हाईड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। मौरंग लदा ट्रक न हट पाने से मौरंग खाली कराने के बाद उसे हटाया जा सका।
एक बजे तक यातायात रेंगता रहा
शुक्रवार दोपहर एक बजे तक यातायात रेंगता रहा। छोटे भाई प्रियांशु ने बताया कि लवकुश दो भाइयों में बड़े थे। मां हिंदकुमारी, बहन प्रियांशी, रजनी सहित पूरे परिवार का बुरा हाल है। बताया कि क्लीनर रामकुमार पहली बार साथ गया था। पत्नी रामवती, बेटी खुशबू, रुचि, नेहा और बेटा हर्षित है। सोहरामऊ थानाध्यक्ष शरद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव आने परिजनों ने जाम किया स्टेट हाईवे
उन्नाव सड़क हादसे में मृतकों के शव पहुंचे, तो परिजनों ने कालपी मार्ग पर सिटी फॉरेस्ट के पास जाम लगा दिया। शहर निवासी ट्रांसपोर्टर से आर्थिक मदद दिलाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे कोतवाल राकेश कुमार ने परिजनों को समझा कर जाम खुलवा दिया। कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा।