Unnao: महिलाओं ने शराब के ठेके पर जड़ा ताला, बोलीं- शराबी कसते हैं फब्तियां, गुजरना भी मुश्किल
सफीपुर थाना क्षेत्र में महिलाओं ने शराब के ठेके पर ताला जड़ दिया। वहीं, काउंटर पर बैठे विक्रेता को बाहर निकाल धरना दिया। मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि शराबी आए दिन फब्तियां कसते हैं, जिससे गुजरना भी मुश्किल हो रहा है।
विस्तार
उन्नाव जिले में सफीपुर थाना क्षेत्र के भुइयनखेड़ा गांव के पास खुले देशी शराब ठेके पर आए दिन शराबियों की ओर से फब्तियां कसने से नाराज महिलाओं ने विक्रेता को दुकान से बाहर निकालकर ताला लगा दिया। फोर्स के साथ एसडीएम मौके पर पहुंचे और महिलाओं से बात की और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के भुइयनखेड़ा गांव के बाहर शराब का ठेका संचालित है। सुबह से शाम तक यहां भीड़ रहती है। शराबी आने जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। इससे नाराज सैकड़ों महिलाएं शनिवार को ठेके पर पहुंच गईं।
हरदोई जिला निवासी विक्रेता सुधीर कुमार को बाहर निकाल शटर गिराकर वहीं बैठ गईं। कुछ ही देर में सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। ठेका बंद कराने और हंगामे की सूचना पर एसडीएम शिवेंद्र वर्मा फोर्स के साथ पहुंचे और महिलाओं से बातचीत की।
महिलाएं बोलीं- शराबी करते हैं गंदे इशारे
श्रीदेवी, सरस्वती, श्यामकली, मीरा, सोमकली, मुन्नीदेवी और रेखा ने बताया कि वह इधरे से गुजरती हैं, तो शराबी गंदे इशारे करते हैं। बच्चों पर भी गलत असर पड़ता है। किसी भी दिन बड़ी घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता।उन्होंने मांग की है कि ठेके को यहां से हटाकर अन्य स्थान पर खुलवाया जाए।
एसडीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ठेकेदार विद्याशंकर ने बताया कि ठेका गांव से दूर है। कभी कोई घटना नहीं हुई। एसडीएम ने महिलाओं से शिकायती पत्र लेकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसडीएम ने बताया कि शराब ठेका हटाने के लिए महिलाओं ने विरोध किया था। उन्होंने तहरीर दी है।