सुल्तानपुर। दुर्गा पूजा महोत्सव व देवी प्रतिमाओं का विसर्जन सकुशल संपन्न होने के बाद अब छठ पूजा के लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारी शुरू की है। सीताकुंड घाट की सफाई, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, पेयजल व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।
दीपावली के बाद 25 अक्तूबर से नहाय खाय से छठ पर्व की शुरुआत होगी। इस पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर के सीताकुंड घाट पर गोमती नदी के तट पर पूजन करते हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने सोमवार देर शाम सीताकुंड घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घाट के समतलीकरण का कार्य पहले करा दिया गया था, लेकिन नदी का जल स्तर घट रहा है। इस वजह से समतलीकरण का कार्य आगे तक बढ़ाया जा सकता है। इस बार छठ पर्व पर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक भीड़ होने की उम्मीद है। इसके लिए पूर्वी से लेकर पश्चिमी छोर तक नदी में बैरिकेडिंग लगवाई जाएगी, जिससे लोग सुरक्षित पूजन कर सकें। घाट पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, प्रसाधन व अस्थाई चेंज रूम भी बनाया जाएगा। जल्द ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।