फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sultanpur News ›   Need 20 bags of DAP, one is available

Sultanpur News: जरूरत 20 बोरी डीएपी की, हाथ आ रही एक

Wed, 20 Nov 2024 12:56 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर Updated Wed, 20 Nov 2024 12:56 AM IST
विज्ञापन
Need 20 bags of DAP, one is available
बंद पड़ी साधन सहकारी समिति
सुल्तानपुर। जिले में सैकड़ों किसान के पास 20 से 30 बीघे तक सिर्फ गेहूं की खेती होती है। बड़े काश्तकारों को 15 से 20 बोरी डीएपी खाद की जरूरत पड़ती है। वर्तमान में साधन सहकारी समितियों पर डीएपी खाद की किल्लत चल रही है। किसानों को लाइन में लगने के बाद एक-एक बोरी डीएपी दी जाती है।
विज्ञापन

बड़े काश्तकारों को खाद नहीं मिलने से कृषि विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। किसान असली-नकली और सस्ती-महंगी की परवाह किए बिना निजी दुकानों पर खाद लेने को विवश हैं। रबी की फसल बोआई का सीजन चरम पर है। सरसों, गेहूं सहित अन्य फसल की बोआई करने के लिए किसान डीएपी खाद का प्रयोग करते हैं। मौजूदा समय में बल्दीराय तहसील क्षेत्र में किसी भी समिति पर डीएपी नहीं है।
विज्ञापन

साधन सहकारी समिति के सचिव किसानों को दो-चार दिन बाद आने की बात कहकर अपना पीछा छुड़ा रहे हैं। कई बड़े काश्तकार हैं, जिन्होंने गेहूं की बोआई कराने के लिए खेत तैयार कर रखा है। बीज भी रख लिया है। अब उन्हें सिर्फ खाद का इंतजार करना पड़ रहा है। यदि समय पर खाद नहीं मिली तो खेत की नमी भी जाने का डर सताने लगा है। समितियों पर डीएपी को छोड़ अन्य उर्वरक मौजूद है। किसानों को सिर्फ डीएपी खाद पर ही भरोसा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

बल्दीराय तहसील के कांपा समिति के सचिव राजेंद्र बताते हैं कि जिले से डिमांड मांगी जा रही है। तीन-चार दिन में डीएपी आने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि सचिव पिछले 15 दिन से यह बात कह रहे हैं। महुली के पूर्व प्रधान राजाराम ने बताया कि बड़ी सिफारिश से मंगलवार को कुड़वार के सुरेश नगर बाजार से एक दुकान से 1500 रुपये में डीएपी मिली है।
किसी को 12 तो किसी को 20 बोरी डीएपी की जरूरत
बल्दीराय तहसील क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी संजय सिंह बॉबी को 60 बीघा गेहूं बोना है। वह बताते हैं कि उन्हें 20 बोरी डीएपी की जरूरत है। कहा कि पता चल रहा है कि जब खाद आएगी तो एक-एक बोरी ही मिलेगी। उमरा गांव के सुरेंद्र बहादुर सिंह को 45 बीघे में गेहूं की बोआई के लिए 15 बोरी डीएपी की जरूरत है। दुकानों पर मिलने वाली खाद पर असली होने का भरोसा नहीं है। बड़ाडांड़ के पंचम यादव को 12 बोरी डीएपी खाद की जरूरत है। उन्होंने बताया कि डीएपी के लिए ऐसा संकट काफी दिन बाद देखने को मिला है। डेहरियावां के अखिलेश कुमार सिंह को 15 बोरी डीएपी की आवश्यकता है। वे कहते हैं कि क्षेत्र की सभी समितियों पर दौड़ कर थक गया हूं। बोआई कैसे होगी, इसकी चिंता सता रही है। यदि देर में बोआई होगी तो पैदावार पर भी असर पड़ेगा।

जल्द समितियों पर भेजी जाएगी खाद
जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि अयोध्या से निजी कंपनी की डीएपी सोमवार को 380 एमटी और मंगलवार को 253 एमटी डीएपी जिले में आई है। इसके अलावा उड़ीसा से भी इफको खाद की रैक आने वाली है। तीन दिन में जिले की समितियों पर खाद वितरण करने के लिए पहुंच जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed