पुलिस की लापरवाही से लटका दंपती के शवों का पोस्टमॉर्टम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जयसिंहपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में हुई दंपती की मौत को लेकर पुलिस प्रशासन कितना लापरवाह है इसका उदाहरण दो दिनों से पोस्टमॉर्टम हाउस में रखे दंपती के शव को देखकर लगाया जा सकता है। मृतक के गांव में गड्ढा खोदकर ग्रामीण शव को दफनाने के लिए इंतजार कर रहे थे। पुलिस की लापरवाही की वजह से दो दिनों तक शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। ग्रामीणों के रोष जताने पर हरकत में आई पुलिस ने आनन-फानन में पंचनामा का कोरम पूरा कर मंगलवार की दोपहर बाद कागज को पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचाया तब जाकर शवों का पोस्टमॉर्टम शुरू हुआ।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बाहरपुर गांव निवासी दलित नंदू और उसकी पत्नी सिंगारी की पिछले रविवार की देर शाम चकसोरा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। पुलिस ने रविवार की रात में ही शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस तक पहुंचा दिया था। जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस की लापरवाही के कारण शवों के पंचनामा का कागज पोस्टमॉर्टम हाउस तक नहीं पहुंचा था, जिसकी वजह से सोमवार को पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका।
बाहरपुर गांव के ग्रामीण सोमवार की शाम को ही गांव में गड्ढा खोदकर दंपती के शव को दफनाने के लिए शव का इंतजार करते रहे, लेकिन शव घर नहीं पहुंचा। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पुुलिस के साथ ही प्रशासन के उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की सूचना दी। अधिकारियों की कड़ी फटकार के बाद जयसिंहपुर कोतवाली से एक दरोगा और नगर कोतवाल खुद पोस्टमॉर्टम हाउस दोपहर बाद कागज लेकर पहुंचे तब जाकर शव का पोस्टमॉर्टम शुरू हुआ।