हार का ‘बदला’ अफसरों से चुकाएगी सपा
लोकसभा चुनावों में करारी हार का बदला सपा अब अफसरों से चुकाएगी। मुरादाबाद मंडल के प्रत्याशियों और नेताओं ने लखनऊ में हुए मंथन के दौरान साफ-साफ अधिकारियों पर ही हार का ठीकरा फोड़ा। कहा गया कि अफसरों ने उनकी बात नहीं सुनी और पब्लिक के काम नहीं किए गए जिससे वोटर नाराज था और हार का सामना करना पड़ा। इस शिकायत के बाद माना जा रहा है कि मंडल से बड़े पैमाने पर अफसरों को दूर फेंका जाएगा।
इलेक्शन में हार की वजह पर मंथन के लिए लखनऊ में सोमवार को प्रदेश भर के प्रत्याशियों और नेताओं के साथ संगठन की बैठक थी। इस बैठक में हार के कारणों की तलाश की जा रही थी।
तमाम बिंदु उठे जिनमें भीतरघात से लेकर मोदी लहर और यादव और मुस्लिम वोटों के बंटने तक पर विचार हुआ लेकिन अपने मंडल के नेताओं ने हार की वजह यहां के अफसरों को ठहराया है।
बड़े पैमाने पर हो सकता है ट्रांसफर
सूत्रों की मानें तो बैठक में अफसरों पर जमकर आरोप लगाए गए। शिकायत की गई कि जब भी अफसरों को पब्लिक के काम के लिए कहा गया तो काम नहीं हुआ और अपनी हनक दिखाते रहे जिसका असर यह रहा कि लोग नाराज हो गए।
कुछ प्रत्याशियों ने तो यहां तक कहा है कि सत्ता की नजदीकियों के कारण अधिकारी मनमर्जी करते रहे। सपा नेताओं ने अगर सरकार में अफसरों की शिकायतें कीं भी तो किसी ने सुना ही नहीं। सपा नेताओं की तो चल ही नहीं पाई।
माना जा रहा है कि इन शिकायतों पर अब कार्रवाई शुरू होगी। मुरादाबाद मंडल के पांचों जनपदों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों का ट्रांसफर होना है।