यूपी बोर्ड की परीक्षा दे चुके परीक्षार्थियों को परिणाम जानने के लिए अब साइबर कैफे का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। घर बैठे परीक्षार्थियों को परिणाम उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग ने पहल तेज कर कर दी है। छात्र-छात्राओं की ई-मेल आईडी बनवाई जा रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित हुई 10वीं और 12वीं की परीक्षा दे चुके छात्रों को इस बार साइबर कैफे का चक्कर न काटना पड़े, इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। शिक्षा विभाग की मानें तो घर बैठे ही उन्हें परिणाम मिल जाएगा। इसके लिए बोर्ड के निर्देशानुसार जिले में छात्रों की ई-मेल आइडी और कालेज की वेबसाइट बनवाई जा रही है। यह नई प्रक्रिया छात्रों को परिणाम जानने में होने वाली भागदौड़ से बचाने के लिए है। इसके साथ ही पुरानी प्रक्रिया भी जारी रहेगी। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं इस वर्ष 24 मार्च से 12 अप्रैल तक आयोजित हुईं। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 42636 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर के अनुसार भागदौड़ से छात्र-छात्राओं को बचाने के लिए इस बार ईमेल आइडी बनवाई जा रही है, ताकि स्कूलों के प्रधानाचार्य छात्रों का परिणाम सीधा उनकी मेल आईडी पर भेज जा सकें। कहा कि यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले जितने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं का ई-मेल आईडी बन जाएगी उन्हें परिणाम भेजा जाएगा।