यूपी में सड़क पर हुआ प्रसव: तिरपाल का घेरा बनाकर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, एंबुलेंस को फोन करने पर मिला जवाब- अभी समय लगेगा
इस घटना से स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई है। महिला को जब प्रसव पीड़ा तेज हुई तो आसपास की महिलाओं ने तिरपाल का घेरा बनाकर प्रसव कराया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। लाख दावों के बावजूद सरकारी योजनाएं गरीबों की पहुंच से दूर हैं। शनिवार सुबह अस्पताल जा रही महिला को प्रसव पीड़ा तेज होने पर आसपास की महिलाओं ने तिरपाल का घेरा बनाकर गांधी मैदान के समीप सड़क किनारे प्रसव कराया। फिर जच्चा-बच्चा को ओबरा तापीय परियोजना अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, जुगैल थाना क्षेत्र के बेलगड़ी गांव निवासी पतिराज मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। उसकी पत्नी पानमती को शनिवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने एंबुलेंस को बुलाने के लिए 108 नंबर पर फोन किया तो उधर से जवाब मिला कि अभी समय लगेगा। इसके बाद परिजन महिला को चोपन सीएचसी ले गए।
ये भी पढ़ें- पूर्वांचल में बारिश से आफत: आजमगढ़ और चंदौली में गिरे कच्चे माकन, मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत
खून की कमी बताते हुए बीएचयू ले जाने को कहा
वहां चिकित्सकों ने बगैर भर्ती किए महिला को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में खून की कमी बताते हुए चिकित्सकों ने बीएचयू रेफर कर दिया। आर्थिक तंगी के कारण थक हारकर परिजन वापस ओबरा आ गए। महिला को ओबरा से घर वापस ले ही जा रहे थे कि इतने में गांधी मैदान के पास प्रसव पीड़ा तेज होने लगी।
आसपास की महिला ने कराया प्रसव
इस दौरान आसपास की महिलाओं ने पानमती को सड़क किनारे तिरपाल का घेरा बनाकर उसमें चादर का पर्दा डाला और प्रसव कराया। इस दौरान पानमती ने बच्चे को जन्म दिया। सड़क किनारे प्रसव होने की जानकारी पर लोगों का जमावड़ा लग गया। पानमती के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें- वाराणसी: धूमधाम से मनाई गई महात्मा गांधी और शास्त्री जयंती, पूर्व पीएम के पैतृक आवास पर की पुष्पांजलि अर्पित
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक पंकज गौतम, करणी सेना के जिलाध्यक्ष राहुल प्रताप सिंह व अन्य लोगों ने तापीय परियोजना की अस्पताल से नर्स बुलवाकर प्रसूता का प्रसव कराया, जहां से जच्चा और बच्चा को एंबुलेंस की मदद से तापीय परियोजना अस्पताल पहुंचाया।
सीएमओ डॉ. नेम सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत का संज्ञान लेकर जांच कराई जाएगी।