UP: 50 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर अरेस्ट, लखनऊ से लाकर सोनभद्र में बेचने की थी तैयारी; SOG ने की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 50 लाख की हेरोइन खपाने की तैयारी थी। तस्करों ने बताया कि छोटे-छोटे पैकेट बनाकर इसे बेचते थे। लखनऊ से हेरोइन की बड़ी खेप यहां लाए थे। बेचने से पहले दोनों तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Crime: सोनभद्र में एसओजी और घोरावल पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि एसओजी व घोरावल पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रात करीब 9:05 बजे करीबरांव मोड़ से दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पुष्पराज यादव उर्फ श्याम यादव (28) निवासी जैत थाना रॉबर्ट्सगंज और आफताब (22) निवासी बहुअरा पुरानी बस्ती थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे लखनऊ के अकबरी गेट के पास रहने वाले मोहम्मद फैजान उर्फ अंकल से हेरोइन लेकर आए थे।
पुलिस को बताया सच
आफताब ने बताया कि उसका संपर्क मोहम्मद फैजान से उसके भाई मोहम्मद उमर उर्फ बबलू खान के माध्यम से हुआ था, जो फिलहाल जेल में बंद है। दोनों ने बताया कि हेरोइन को छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर रॉबर्ट्सगंज व रामगढ़ क्षेत्र में बेचते हैं और मुनाफा आपस में बांट लेते हैं।
गिरफ्तार पुष्पराज यादव के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद फैजान (निवासी बाराबंकी) और मोहम्मद उमर (निवासी रॉबर्ट्सगंज) को वांछित घोषित किया है।
पुलिस ने बताया कि फरार तस्करों की तलाश में टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह (एसओजी), चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह, प्रेम चौरसिया, सत्यम पांडेय, अजीत कुमार, अजीत यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।