ओबरा। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी ने बृहस्पतिवार की शाम निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ओबरा तापीय परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न उत्पादन इकाइयों, श्रमिक सुविधा केंद्रों, कंट्रोल रूम और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद परियोजना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उत्पादन, अनुरक्षण, सुरक्षा, मानव संसाधन, कार्यस्थल की स्वच्छता और भावी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी ने कहा कि प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में ओबरा तापीय परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए अधिकतम एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत पालन, मशीनों के बेहतर अनुरक्षण, संसाधनों के कुशल उपयोग और नवाचार आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उत्पादन क्षमता और कार्य संस्कृति में निरंतर उत्कृष्टता बनाए रखने की अपेक्षा जताई। बैठक में मुख्य महाप्रबंधक इं.दूधनाथ, महाप्रबंधक (सी) एसके सिंघल, महाप्रबंधक (सिविल) अजय कुमार राय, महाप्रबंधक (प्रशासन) इं.निखिल चतुर्वेदी, सीआईएसएफ समादेष्टा सतीश कुमार सिंह रहे।