तमाम कोशिशों के बाद फॉर्मर रजिस्ट्री में जिले के किसान रुचि नहीं दिखा रहे। बृहस्पतिवार को लोढ़ी में पंचायत भवन पर अचानक पहुंचे डीएम ने फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर किसान के न आने पर डीएम ने नाराजगी जताई। तत्काल टीम गांव में गई और संबंधित किसान राजकुमार को ढूंढकर साथ लाई। इसके बाद उसकी फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई गई। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने पंचायती राज, कृषि और राजस्व विभाग की टीम को समन्वय बनाकर काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान फाॅर्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे। कार्य में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने फाॅर्मर रजिस्ट्री कार्य को अभियान मोड में संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग मिलकर तेजी से पंजीकरण कार्य पूर्ण कराएं। साथ ही किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंजीकरण प्रक्रिया, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने फाॅर्मर रजिस्ट्री को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि वीरेंद्र कुमार, डीपीआरओ नमिता शरण, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।