जिले में ईको टूरिज्म को विस्तार देने के लिए प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। पर्यटकों को आवासीय सुविधा मुहैया कराने के मकसद से बृहस्पतिवार को डीएम ने चुर्क मोड़ से लेकर लोढ़ी तक खाली जमीनों का निरीक्षण किया। वहां टेंट के आवास बनाने की संभावनाएं देखी और इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने लोढ़ी टोल प्लाजा के पास व आईटीआई कालेज के पीछे के स्थल, सर्किट हाउस व प्राथमिक विद्यालय के पास खाली पड़े जमीन को देखा। वहां टेंटेज इमोरेडेशन व आवासीय टेंटेज की व्यवस्था को विकसित करने के बारे में जानकारी ली। डीएम ने सदर एसडीएम रमेश कुमार व पर्यटन अधिकारी बृजेश कुमार ने इन स्थानों के साथ ही धंधरौल बांध, मऊकला में खाली पड़े भूमि के लिए प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने को कहा। डीएम ने पंचमुखी महादेव मंदिर के बगल जिला न्यायालय के लिए आवंटित स्थल का भी निरीक्षण किया। पंचमुखी महादेव मंदिर के पास स्थित पहाड़ी में पुरानी कलाकृतियों के बारे में जानकारी ली। उसे संरक्षित करने के लिए समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए। डीएम ने कलेक्ट्रेट के सामने स्थित पहाड़ी पर पार्क, खेलने की सुविधा के साथ ही बैठने के लिए बेंच आदि की व्यवस्था करने को कहा। इसके लिए पीओ डूडा को शीघ्र ही कार्ययोजना का बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीआईओ विनय कुमार सिंह, टूरिज्म एडवेंचर नीरज आदि मौजूद रहे।