सोनभद्र। शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को जिले के 12 केंद्रों पर करीब साढ़े दस हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रत्येक केंद्र पर दो पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। हर पाली के लिए अलग-अलग स्टेटिट मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगी है। कोविड-19 से बचाव के प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 बजे से आरंभ होगी। इसमें 6724 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए जीजीआईसी राबर्ट्सगंज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, विंध्य कन्या डिग्री कॉलेज, डीएवी सीनियर सेकेंड्री पब्लिक स्कूल, संत जेवियर्स हाईस्कूल, जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क, संत जोसेफ कांन्वेंट हाईस्कूल, जय मां भगवती डिग्री कॉलेज पुसौली और प्रकाश जीनियर इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज को केंद्र बनाया गया है। वहीं दूसरी पाली में सात केंद्रों पर परीक्षा होगी। अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक की इस परीक्षा में उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 4034 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह का इलेक्ट्रानिक डिवाइस लाने पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर को केंद्र में जाने नहीं दिया जाएगा। पाठ्य सामग्री, रेजर आदि लाने की भी मनाही है। परीक्षार्थियों को सिर्फ प्रवेश पत्र और काले बाल प्वाइंट पेन लेकर ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा कोई अन्य सामग्री पाई जाती है तो अभ्यर्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करने के आरोप में परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र के एक किमी की परिधि में फोटो स्टेट, स्कैनर का संचालन प्रतिबंधित है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का भी प्रयोग नहीं किया जा सकता। डीआईओएस रविशंकर ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। केंद्र व्यवस्थापकों को शासन के निर्देशों से अवगत कराया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी आधे घंटे पहले ही केंद्र पर अवश्य पहुंच जाएं।