म्योरपुर। थाना क्षेत्र के नवाटोला गांव में विवाहिता का सोमवार को शव मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने परिजनों से लंबी पूछताछ की। घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया। नवाटोला गांव में सोमवार की सुबह विवाहिता संध्या देवी (30) पत्नी गयादीन गुप्ता का शव घर से कुछ दूरी पर खेत में औंधे मुंह खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला था। मृतका के पिता विनोद की तहरीर पर पुलिस ने पति गयादीन, सुरेश, शांति, सतीश व सुनैना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। पुलिस पति समेत तीन लोगों को बैठाकर पूछताछ कर रही है। मंगलवार को एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही परिजनों से भी लंबी पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान सुपाचुआ, रामनारायण सिंह, नवाटोला प्रधान रामधनी, फाटपखना प्रधान लक्ष्मण, सीओ रामाशीष यादव, थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार त्रिपाठी आदि रहे। संवाद