अनपरा। तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित महिला क्लब में ज्योति पुंज महिला मंडल की ओर से हरियाली तीज समारोह का आयोजन किया गया, जिसे महिलाओं ने हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया। कार्यक्रम में सोनी राठौर मिसेज तीज क्वीन तथा चारुस्मिता को मिसेज एवरग्रीन ब्यूटी चुना गया। कार्यक्रम का थीम तीज शृंगार, सावन बहार रहा। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने हरे परिधानों एवं पारंपरिक शृंगार के साथ मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। नृत्य, संगीत एवं विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे समारोह में सावन और तीज की पारंपरिक छटा देखने को मिली। समारोह का मुख्य आकर्षण मिसेज तीज क्वीन एवं मिसेज एवरग्रीन ब्यूटी प्रतियोगिता रही। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, सौंदर्य एवं पारंपरिक परिधान के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता रही सोनी राठौर को मिसेज तीज क्वीन तथा चारुस्मिता को मिसेज एवरग्रीन ब्यूटी का ताज पहनाया गया। कार्यक्रम ने महिलाओं में आपसी सौहार्द, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जुड़ाव को और मजबूत किया। कार्यक्रम ज्योति पुंज महिला मंडल की अध्यक्षा आभा कटियार, उपाध्यक्षा रीना चतुर्वेदी, रेणु सिंह, सीमा सिंह, रोली त्रिपाठी, श्वेता शर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सचिव सुनीता मिश्रा, कोषाध्यक्ष शालिनी सिंह, स्वीटी केम, वर्तिका केशरवानी, रूबी सिंह, कुसुमलता, अंजू चौरसिया, ममता सिंह, पूनम सिंह, सविता गुप्ता का अहम योगदान रहा।