UP: घरवालों के सामने फंदे पर लटका लाइनमैन, पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम; बिलख पड़े चार बच्चे
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में लाइनमैन की माैत के बाद बभनी थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पत्नी से विवाद के बाद उसने खाैफनाक कदम उठाया था। परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के बरवाटोला गांव में सोमवार की शाम पत्नी से विवाद के बाद संविदा लाइनमैन रवींद्र बारी (35) ने फंदा लगाकर जान दे दी। घर के सामने वह बिजली के पोल से नायलान की रस्सी बांधकर लटक गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
बरवाटोला निवासी रवींद्र बारी बिजली निगम में संविदा लाइनमैन का काम करता था। एसओ कमलेश पाल ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद पति रवींद्र गुस्से में घर से बाहर निकल आया और घर के सामने बिजली के खंभे पर चढ़ गया।
इसके बाद उसने नायलान की रस्सी से फंदा बनाकर अपने गले में डालकर छलांग लगा दी। घर के लोग दौड़कर वहां जाते इसके पहले उसने दम तोड़ दिया। रवींद्र के चार बच्चे हैं। परिजनों ने की सूचना पर पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की मौत
बभनी थाना क्षेत्र के बभनी चीकू टोला में गत आठ जुलाई को टैंकर से ओवरटेक करने के चक्कर में कार ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार प्रसिद्धन (50) गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उसे बभनी सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां से जिला अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। वहां से रविवार की रात छुट्टी दे दी गई। सोमवार की सुबह प्रसिद्धन की तबीयत बिगड़ी और कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया। बभनी एसओ कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया गया।