सोनभद्र: रोड एक्सीडेंट में मौत के आंकड़े गंभीर, इसे रोकने के लिए जागरूक होना जरुरी; पुलिस की पाठशाला के टिप्स
सड़क हादसों में मौत के बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। पुलिस की पाठशाला में सीओ सदर ने छात्रों को यातायात सुरक्षा के साथ साइबर अपराध से बचाव के टिप्स दिए। उन्होंने हेलमेट पहनने, नियमों का पालन करने और साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की।
विस्तार
शहजादा साहब उदय प्रताप सिंह इंटर कॉलेज रामगढ़ में बुधवार को अमर उजाला की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के करीब 650 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि रहे सीओ सदर सुधीर सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के साथ स्वयं जागरूक बनने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। कहा कि सोनभद्र में सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या चिंता का विषय है। अन्य जिलों में 100 सड़क हादसों में जहां करीब 35 से 37 लोगों की मौत होती है, वहीं सोनभद्र में 100 हादसों में करीब 75 लोगों की जान चली जाती है।
इसके पीछे जागरूकता की कमी भी एक कारण है। इसलिए विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। साइबर क्राइम से बचने के लिए भी सतर्क रहने की सलाह दी। आपातकालीन नंबरों के बारे में समझाया।
प्रधानाचार्य गौरीशंकर सिंह ने सीओ सदर और पन्नूगंज थाना प्रभारी श्रीनिवास पांडेय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पाठशाला में पुलिस अधिकारियों ने जिन नियमों की सीख दी है, छात्र-छात्राएं उसे अपने जीवन में अपनाएं। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार सिंह, परमानंद देव, ओमप्रकाश, बृजकिशोर, अनूप कुमार पांडेय, सुजीत, अर्चना पांडेय, रंजना श्रीवास्तव, प्रीति आदि उपस्थित रहे। संचालन सुजीत कुमार ने किया।
यह दिए टिप्स
- दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलें। अपने घरवालों को भी हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें।
- छात्र-छात्राएं पुलिस को अपना मित्र समझें। किसी तरह की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस से सहायता लें।
- निर्जन स्थान पर किसी व्यक्ति के मददगार नहीं होने की स्थिति में पुलिस सहायता के लिए तत्पर है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 112, 108, 1076, 1090 मददगार बनेगा।
- सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें और न ही किसी को पासवर्ड और ओटीपी बताएं।
- वाट्सएप पर आने वाले संदिग्ध लिंक (एपीके फाइल) को न खोलें। लालच देने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें।
- ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।