घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बीते 24 घंटों में सर्पदंश तथा विषैले जंतुओं के काटने से तीन महिलाओं समेत कुल सात लोग अचेत हो गए। सभी पीड़ितों को खिरीहिटा गांव में एक वैद्य के यहां भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद सभी के हालत में सुधार बताया गया।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को कसेरी निवासी सोनू (10) पुत्र ओमप्रकाश को घर के बाहर किसी विषैले जीव ने पैर में काट लिया, जिससे वह अचेत हो गया। खिरीहिटा निवासी अवधेश कुमार यादव (20) पुत्र लक्ष्मीनारायण सुबह घर में कोई काम कर रहा था। उसी दौरान उसके पैर के नीचे सांप दब गया और सांप ने उसे डस लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। चिंगोरी निवासी पूनम (19) पत्नी राजबली को घर में सांप ने काट लिया और वह अचेत हो गई। वहीं बुधवार को पड़वनिया निवासी खुशबू (6) पुत्री लक्ष्मण को घर के बाहर खेलते समय पैर में सांप ने काट लिया और वह अचेत हो गई। अनिल (27) को राह चलते किसी विषैले जीव ने उसके पैर में काट लिया, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। बरवाडीह निवासी समुंदरी यादव (24) पत्नी भुवनेश्वर को बुधवार देर शाम घर में ही दाहिने पैर में सांप ने काट लिया और वह अचेत हो गई। वीरकला निवासी विष्णु पाल (30) को घर के बाहर बुधवार देर शाम पैर में सांप ने काट लिया। सभी सर्पदंश पीड़ितों को खिरीहिटा गांव में जड़ी बूटियों से उपचार करने वाले वैद्य देवधारी के यहां इलाज कराया गया।