मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के दूसरे दिन भी सात कार्मिक अनुपस्थित रहे। उन्हें नौ फरवरी को अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लोढ़ी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे पीठासीन अधिकारी और प्रथम मतदान अधिकारी के प्रशिक्षण में डीएम टीके शिबू ने कहा कि सभी कार्मिक प्रशिक्षण प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने के लिए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। प्रशिक्षण के दूसरे दिन सात कार्मिक अनुपस्थित रहे। इसमें आर्यावर्त बैंक के कैशियर पंकज कुमार शर्मा, सहायक अध्यापक संदीप रिझारिया, अभिषेक कुमार, प्रधानाध्यापक कृष्णकांत भारती, अवर अभियंता प्रमोद कुमार चौधरी, पीओ विकास जायसवाल, वरिष्ठ सहायक नंदलाल प्रसाद शामिल हैं। वहीं रविवार को पहले दिन चार कार्मिक अनुपस्थित थे। डीएम ने निर्देश दिया है कि अनुपस्थित कर्मचारी अगर नौ फरवरी को भी प्रशिक्षण में शामिल नहीं होते तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, डीआईओएस रविशंकर, बीएसए हरिवंश कुमार, डीपीआरओ विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।