सोनभद्र। आगामी नवरात्र, दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान शुरू हो गया है। खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए 15 से 24 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। पहले दिन बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कई दुकानों पर छापे की कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने पनीर, कूट्टूूू का आटा, नमकीन आदि के नमूने लिए।
जिला अभिहित अधिकारी सुशील सिंह ने कहा कि सिंघाड़े का आटा, कुट्टू का आटा व अन्य फलाहार की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित कराए जाने व हानिकारक रसायनों द्वारा कृत्रिम रूप में पकाये गए फलों के भंडार और बिक्री प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि रेनुकूट बाजार स्थित एक दुकान से पनीर का नमूना और एक अन्य स्टोर से कुट्टू के आटा का नमूना लिया गया। खाद्य टीम द्वारा अनपरा बाजार स्थित एक दुकान से नमकीन तथा एक अन्य जनरल स्टोर से किसमिस का नमूना लिया गया। बताया कि नमूने को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह, मयंक शंकर दूबे, प्रमोद कुमार सोनकर रहे।