सोनभद्र: कुत्ते को बचाने में बेकाबू होकर बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत, एक घायल
सोनभद्र के पिपरी निवासी दो युवक वरुण (19) और रोहित किसी कार्य से पिपरी से मुर्धवा की ओर बाइक से जा रहे थे। इस दौरान एक कुत्ते के अचानक आ जाने से वे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर गिर गए।
विस्तार
सोनभद्र के रेणुकूट में गुरुवार सुबह कुत्ते को बचाने में बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के चाचा कॉलोनी के समीप हुआ।
हादसे की सूचना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल को हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौकी प्रभारी आशीष पटेल ने बताया कि गुरुवार सुबह पिपरी निवासी दो युवक वरुण चौधरी (19) पुत्र अरुण चौधरी और रोहित सिंह पुत्र सत्येंद्र सिंह किसी कार्य से पिपरी से मुर्धवा की ओर बाइक से जा रहे थे।
इस दौरान एक कुत्ते के अचानक आ जाने से वे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर गिर गए। हादसे की सूचना पार पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को हिंडाल्को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया।
किसी की मांग का धुला सिंदूर तो किसी की छिनी बुढ़ापे की लाठी
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बजरा मोड़ के पास मंगलवार की रात दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की हुई मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। हृदयविदारक हादसे में किसी के बुढ़ापे की लाठी छिन गई तो किसी के मांग का सिंदूर धुल गया।
वहीं अभी दो घायल बीएचयू वाराणसी में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। रात में ही प्रभारी डीएम डॉ. अमित पाल शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया। मंगलवार रात करीब नौ बजे रामगढ़-खलियारी मार्ग पर बजरा मोड़ के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
इस हादसे में एक बाइक पर सवार तीन युवक और दूसरे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन डॉक्टर ने पन्नूगंज के राकी गांव निवासी शुभम उर्फ बृजेश शुक्ला (25), राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी अभय मिश्रा (22), रायपुर थाना क्षेत्र के चकया गांव निवासी सोनू (26) को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल चकया गांव निवासी दिनेश (25) और आजाद (22) को बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के घरवाले अस्पताल पहुंच गए। रात में ही पन्नूगंज एसओ राजेश सिंह ने एएसपी विजय शंकर मिश्रा और डीएम से परमिशन लेकर शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दिसंबर 2020 में बृजेश शुक्ला की शादी हुई थी। उसकी पत्नी गुड़िया को इसी साल जनवरी में पुलिस विभाग में नौकरी मिली है और वह प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाने में तैनात है। वहीं अभय और सोनू अपने मां-बाप के इकलौते पुत्र थे। मंगलवार को तीनों शवों का दाह संस्कार हुआ।