सोनभद्र में सड़क हादसा: दादा की तेरहवीं का सामान लेकर लौट रहे युवक की मौत, चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल
सोनभद्र के खरुआंव ग्राम पंचायत निवासी अतुल मौर्य (19) अपने चचेरे भाई आदर्श मौर्य (20) बाइक से घोरावल नगर में दादा की तेरहवीं का सामान खरीदने के लिए गया था। घर वापस लौटते समय बालू लदे डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
विस्तार
यूपी के सोनभद्र जिले में गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा घोरावल-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर खाक मोड़ के समीप हुआ। डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई।
बाइक सवार दोनों अपने दादा की तेरहवीं के लिए सामान लेकर लौट रहे थे। दादा की तेरहवीं के एक दिन पहले पोते की मौत से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं। घोरावल चौकी प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खरुआंव ग्राम पंचायत निवासी अतुल मौर्य (19) पुत्र सुदर्शन मौर्य अपने चचेरे भाई आदर्श मौर्य (20) पुत्र जगदीश मौर्य के साथ बाइक से घोरावल नगर में दादा की तेरहवीं का सामान खरीदने के लिए गया था।
घर वापस लौटते समय बालू लदे डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। डंपर की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अतुल मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदर्श मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकी इंचार्ज देवेंद्र प्रताप सिंह ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल युवक का उपचार चल रहा है।
सोनभद्र: सड़क हादसों में दो की मौत, मामा-भांजा समेत पांच घायल
सोनभद्र के सदर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं मामा-भांजा समेत पांच लोग घायल हो गए। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के बैजूबाबा मंदिर के समीप राजमार्ग पर बुधवार की सायं करीब पौने चार बजे बांस से लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इस पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायल मऊ जिले के दोहरी गांव एवं वर्तमान पता मिर्जापुर जिले के अदलहाट निवासी सुरेश (32), झगड़ू (60), सुरेंद्र (25) और रंगीला (40) को जिला अस्पताल भेजवाया। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने सुरेश को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, केकराही निवासी छविंद्र शर्मा अपने रिश्तेदार रामाशंकर निवासी नरैना थाना शाहगंज व भांजे संजय कुमार निवासी जिगना के साथ घर जा रहे थे। महुलिया बाबा ढाबा के पास बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में रमाशंकर (30) की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि छविंद्र शर्मा व संजय कुमार घायल हो गए। हिदुवारी चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने दोनों को जिला अस्पताल भेजवाया। उपचार के बाद संजय को वाराणसी रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी उर्मिला की तहरीर पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।