Road Accident: लिफ्ट लेकर स्कूटी पर सवार हुआ, कुछ दूर जाते ही बेकाबू हाईवा ने कुचला, क्षत-विक्षत हुआ शरीर
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रविवार देर शाम बेकाबू हाईवा ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहा शख्स घायल हो गया जबकि पीछे बैठे व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। वह लिफ्ट लेकर स्कूटी पर बैठा था।
विस्तार
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सोनभद्र जिले के मधुपुर बाजार के पास रविवार देर शाम तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से स्कूटी सवार अधेड़ की मौत हो गई। वह लिफ्ट लेकर स्कूटी पर सवार हुआ था। हादसे में उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। स्कूटी चला रहा युवक भी घायल हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओबरा निवासी सुनील मौर्या अहरौरा के एक निजी स्कूल में शिक्षक है। वह किसी काम से रविवार को अहरौरा गया था। देर शाम वह अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सुकृत क्षेत्र में स्थित बैजूबाबा मंदिर के पास खड़े एक अधेड़ ने स्कूटी सवार सुनील से लिफ्ट मांगा। दोनों स्कूटी से राबर्ट्सगंज की ओर आ रहे थे।
हाईवा के पहिये के नीचे आया स्कूटी पर पीछे बैठा शख्स
मधुपुर फ्लाईओवर के पास चढ़ाई पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गिर पड़े। दुर्घटना में सुनील सड़क के दूसरी ओर गिरा, जबकि लिफ्ट मांगने वाला व्यक्ति हाईवा के पहिये के नीचे आ गया। उसे रौंदते हुए चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्कूटी सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शरीर भी क्षत-विक्षत हो गया।
ये भी पढ़ें: देर रात पार्टी से लौट रहे युवक को गोली मारकर लूटी बाइक, रिंग रोड पर वारदात से मचा हड़कंप
शादी समारोह में जाते वक्त हुआ हादसा
मृतक के जेब में मौजूद मोबाइल से राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। उसकी पहचान कल्लू पाल (50) निवासी लतीफपुर थाना अहरौरा के रूप में हुई। उसके पास मौजूद बैग में नई साड़ी और मिठाई मिला है। बताया जा रहा है कि वह शादी समारोह में शामिल होने अपने रिश्तेदार के घर रॉबर्ट्सगंज जा रहा था।