जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम चंद्र विजय सिंह और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने ओबरा में शिकायतें सुनीं, जबकि सीडीओ सौरभ गंगवार घोरावल में मौजूद रहे। एडीएम नमामि गंगे आशुतोष दुबे ने सदर तहसील और एडीएम वित्त सहदेव मिश्र ने दुद्धी तहसील में पहुंचकर फरियादियों की समस्या सुनी।
तहसील सदर में कुल 75 मामले आए। एडीएम आशुतोष दुबे ने मौके पर ही 04 मामले निस्तारित किए। पांच टीमों को क्षेत्र में भेजकर निस्तारित कराया। शेष 66 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए संबन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस मौके पर तहसीलदार सुनील कुमार भी मौजूद रहे। ओबरा में आयोजित मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से किया जाय। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाय। प्रकरणों का समाधान मौके पर न हो सके तो अगले दो-तीन दिन के अंदर हर हाल में निस्तारित करें। डीएम ने जमीन संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित राजस्व व पुलिस विभाग के कार्मिकों को संयुक्त टीम के साथ मौके पर जाकर निस्तारण का निर्देश दिया। यहा कुल 37 शिकायतों में से पांच का निस्तारण हुआ। इस मौके पर डीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर, बीएसए हरिवंश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव आदि मौजूद रहे। तहसील घोरावल में सीडीओ सौरभ गंगवार की अध्यक्षता में हुए आयोजन में 21 मामले आए, जिसमें चार प्रकरणों का निस्तारण हुआ। एसडीएम श्याम प्रताप सिंह, सीओ संजीव कटियार भी मौजूद रहे। तहसील दुद्धी में एडीएम सहदेव कुमार मिश्रा ने 23 शिकायतें सुनीं और पांच का निस्तारण किया।