अटेवा महिला प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को नगर के रामलीला मैदान में पेंशन राखी का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं ने पुरानी पेंशन की लड़ाई लड़ रहे पुरुष साथियों को राखी बांधी। उन्हें संकल्प दिलाया कि वे पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को और मजबूत करेंगे।
राखी कार्यक्रम के बाद यहां हुई सभा में पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया। अटेवा महिला प्रकोष्ठ की जिला संयोजक बबीता सिंह ने बताया कि प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रंजना सिंह के आह्वान पर पूरे प्रदेश की महिलाएं पेंशन राखी का आयोजन कर रही हैं। पेंशन राखी संघर्षरत भाइयों के मनोबल को ऊंचा करेगी। ब्लाक संयोजक निशा मालवीय ने कहा कि पुरानी पेंशन हक है, इसे लेकर रहेंगे। अटेवा के मंडल मंत्री राम गोपाल यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर पूरे देश में आंदोलन चल रहा है। यह अटेवा के संघर्ष का परिणाम है कि तीन राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल की गई है। पेंशन राखी कार्यक्रम में चंद्रकला, राम सिंह, शैलेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, उमा सिंह, अजय कुमार कुशवाहा, संतोष कुमार यादव आदि मौजूद रहे।