सोनभद्र। आलू और प्याज की जमाखोरी करने वालों को पकड़ने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को राबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में सदर एसडीएम कृपाशंकर पांडेय की अगुवाई में डीएसओ समेत अन्य अधिकारियों ने दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान अधिकांश दुकानों पर रेट बोर्ड नहीं लगा पाया गया। कई दुकानदार स्टाक रजिस्टर तक नहीं दिखा सके। जांच टीम ने रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
बताते चले कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे दलबल के साथ उपजिलाधिकारी, डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी और विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह, सचिव मंडी परिषद सब्जी मंडी में धमक पड़ें। अधिकारियों ने कई आढ़तियों की गोदामों मेें बोरियों में रखी प्याज, आलू के स्टाक को देखा। निरीक्षण के समय अधिकांश दुकानों पर फर्म का बोर्ड, स्टाक बोर्ड, रेेट बोर्ड आदि प्रदर्शित नहीं पाया गया। अधिकारियों ने फर्म स्वामियों से स्टाक रजिस्टर मांगे तो प्रस्तुत नहीं कर सकें। फर्म स्वामी इलेक्ट्रानिक कांटा का सत्यापन रसीद तक नहीं दिखा पाए। एसडीएम ने दुकानदारों को रेट बोर्ड आदि लगाने का निर्देश दिया। चेतावनी देते हुए कहा कि मंहगे दर पर ग्राहकों को प्याज और आलू मुहैया कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएसओ ने कहा कि जांच के दौरान दुकानदारों को उचित दर पर आलू और प्याज बेचने के लिए निर्देशित किया गया। कहा कि जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। गौरतलब हो कि डीएम एस. राजलिंगम ने सदर, ओबरा, दुद्वी और घोरावल तहसील के एसडीएम की अगुवाई में जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टीमें गठित की है। इसकी मानिटरिंग एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह को सौंपी गई है।