सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। इस बीच कोरोना संक्रमित मिले एक और मरीज की मौत हो गई है। मरीज की मौत दूसरे जिले में इलाज के दौरान हुई। उधर, पिछले चौबीस घंटे के दौरान जिले में 24 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही कुल पॉजिटिव मिले लोगों की संख्या 4481 हो गई है। पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 23 मरीज इलाज के बाद शुक्रवार को स्वस्थ घोषित किए गए।
शुक्रवार को 24 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर एक्टिव मामले 251 हो गए हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने की है। उधर, चिकित्सकों की टीमें शुक्रवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। शुक्रवार को 1865 लोगों के सैंपल लिए गए। इसके अलावा शुक्रवार को 1784 लोगों की रिपोर्ट भी आई। इसमें 24 पॉजिटिव और 1760 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 197905 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 196253 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 4481 पाजिटिव और 191772 निगेटिव मिले हैं। संक्रमित मरीजों में से 67 की मौत हो चुकी है। इसमें 23 की मौत सोनभद्र और 44 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। शुक्रवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।