सोनभद्र। जिला चिकित्सालय लोढ़ी कैंपस में कोविड पोस्ट क्लीनिक खोलने का निर्णय लिया गया है। इस अस्पताल में स्वस्थ हो चुके कोरोना मरीजों की अन्य बीमारियों का उपचार किया जाएगा। इस क्लीनिक में जल्द ही डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती होगी।
सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल परिसर में पोस्ट क्लीनिक स्थापित किया जाएगा। इस क्लीनिक में कोविड से स्वस्थ हो चुके मरीजों की अन्य बीमारियों से बचाव के लिए इलाज किया जाएगा। कोविड से ठीक हुए रोगी चिकित्सक से निशुल्क परामर्श ले सकेंगेे। उन्होंने बताया कि कोरोना की चपेट में आए ऐसे लोग जो पहले से ही किसी गंभीर बीमारी जैसे किडनी, मधुमेह, हृदय, रोग व रक्तचाप के शिकार हैं। ऐसे उपचाराधीन लोगों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। विभाग ने ऐसे उपचाराधीन लोगों को जल्द डिस्चार्ज न करने का निर्देश दिया है। साथ ही कोविड-19 के अलावा उनकी मूल बीमारी को सामान्य होने तक उन्हें नान कोविड क्लीनिक में रखने का निर्देश दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार कोविड पोस्ट क्लीनिक मे जांच की भी सुविधा उपलब्ध होगी । इसमें ईसीजी, एक्सरे, और अल्ट्रासाउंड के अलावा एंटीबॉडी की भी जांच की जाएगी। दोबारा कोविड के लक्षण मिलने पर इस क्लीनिक में उनका उपचार उपलब्ध कराया जाएगा साथ ही साथ निशुल्क जांच की व्यवस्था मुहैया होगी।