दुद्धी। दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर शनिवार को कचहरी गेट के सामने संघर्ष समिति सिविल बार संघ और दुद्धी बार संघ के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। दुद्धी की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सरकार से शीघ्र नए जिले की घोषणा करने की मांग की। दुद्धी बार संघ के पूर्व अध्यक्ष रामपाल जौहरी ने कहा कि शासन ने अभी तक दुद्धी को जिला बनाने की घोषणा नहीं की है। विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के लोगों से वादा किया गया था कि भाजपा की सरकार बनने पर इस मांग को पूरा कर दिया जाएगा। सरकार के चार साल बीतने के बाद भी लोगों की इस मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। जिला बनाओ संघर्ष समिति के महासचिव प्रभु सिंह ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग चार दशकों से की जा रही है। किसी सरकार ने क्षेत्र की इस समस्या के बारे में कोई सुध नहीं लिया। सरकार शीघ्र दुद्धी को जिला नहीं बनाती तो इसके लिए आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। दुद्धी बार संघ के अध्यक्ष कैलाश कुमार गुप्ता ने कहा कि दुद्धी तहसील से सबसे ज्यादा राजस्व सरकार को मिलता है, उसके बावजूद तहसील को अब तक जिला नहीं बनाया गया। प्रदर्शन में विश्वनाथ गुप्ता, प्रेमचंद यादव, रामजी पांडेय, आनंद कुमार, रामपाल जौहरी, उदय लाल मौर्या, संतोष कुमार, राकेश मिश्रा, प्रदीप कुमार, जवाहरलाल, राहुल राम, छोटेलाल, कृष्णदेव अग्रहरि, वीरेंद्र कुमार, श्रीचंद, भगवानदास, प्रेमचंद्र गुप्त, अमरावती देवी, सूर्यकांत तिवारी, आशीष गुप्ता, प्रेमचंद यादव, राकेश तिवारी, संतोष, अरुणोदय जौहरी, संजीव गुप्ता, जीवन राम, चंद्रवंशी, पवन दुबे आदि मौजूद रहे।