ओबरा। नगर में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए सेक्टर नौ में कल्याण मंडप का निर्माण हो रहा है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी ने निर्माणाधीन कल्याण मंडप का निरीक्षण किया। कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने की हिदायत दी। ठेकेदार को चेतावनी दी कि अगर निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी।
अध्यक्ष चांदनी ने बताया कि कल्याण मंडप का निर्माण नगर के विकास और जन सुविधाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। यह मंडप ओबरा के नागरिकों को विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, धार्मिक अनुष्ठानों और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए एक समर्पित स्थान प्रदान करेगा। इसके डिज़ाइन में आधुनिक सुविधाओं के साथ परंपरा का समन्वय किया गया है, ताकि यह न केवल उपयोगी हो बल्कि नगर के सौंदर्य को भी बढ़ाए। यह ओबरा की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने ठेकेदार को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया। ईओ मधुसूदन जायसवाल ने कहा कि इस परियोजना की सफलता नगर पंचायत की प्रतिबद्धता और जनता के विश्वास का परिणाम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन इस परियोजना की निगरानी लगातार करता रहेगा, ताकि कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो सके। इस मौके पर सभासद राहुल श्रीवास्तव, राजू साहनी, राकेश मिश्रा, अनिल कुमार, राकेश पासवान, गिरजाशंकर आदि मौजूद रहे।